अम्बिकापुर : जिला सरगुजा के थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नमनाकला स्थित खिस्त मिलन आश्रम ग्राउंड में पुरानी रंजिश को लेकर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने एयर गन से फायर कर एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद गडासानुमा हथियार लेकर पीड़ितों को दौड़ाने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल एयर गन भी जप्त कर ली गई है।
पुरानी रंजिश में अचानक किया हमला
थाना कोतवाली में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, खटिकपारा नमनाकला निवासी आयुष सोनकर 4 सितंबर 2026 की दोपहर अपने साथी आजाद सोनकर और आदी सोनकर के साथ खिस्त मिलन आश्रम के ग्राउंड में बैठकर बातचीत कर रहा था। उसी दौरान खिस्तमिलन आश्रम निवासी 52 वर्षीय विनोद तिर्की (पिता: फांसिस तिर्की) हाथ में एयर गन लेकर वहां पहुंचा। पुरानी रंजिश और गुस्से के कारण विनोद तिर्की ने बिना किसी बहस के सीधे आयुष सोनकर की ओर एयर गन से फायर कर दिया।
एयर गन का एक छर्रा सीधे आयुष सोनकर के गले के दाहिने हिस्से में जा लगा, जिससे वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
गडासा लेकर पीछे दौड़ा आरोपी
गोली चलने और साथी के घायल होने के बाद जब आयुष सोनकर और उसके दोस्त जान बचाकर मौके से भागने लगे, तब आरोपी विनोद तिर्की हाथ में गडासानुमा धारदार हथियार लेकर आया। वह गाली-गलौज करते हुए पीड़ितों की तरफ तेजी से दौड़ा। हमले और आरोपी के हिंसक रूप से डरे-सहमे पीड़ित किसी तरह वहां से भागने में सफल रहे और सीधे थाना कोतवाली पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की सख्त वैधानिक कार्रवाई और गिरफ्तारी
पीड़ित आयुष सोनकर की शिकायत पर थाना कोतवाली पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए अपराध क्रमांक 612/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित तथा प्रत्यक्षदर्शी गवाहों के बयान दर्ज किए। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी विनोद तिर्की को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। जब पुलिस ने आरोपी से एयर गन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस टीम ने घटना में प्रयुक्त 01 नग एयर गन को जप्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया और माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
गंभीर अपराधों पर लगातार की जा रही सख्त कार्रवाई के तहत इस पूरी सफलता में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक अदीप प्रताप सिंह, सहायक उप निरीक्षक विवेक पाण्डेय, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, तथा आरक्षक नितिन सिन्हा, विवेक राय और एहसान फ़िरदौशी की सक्रिय और सराहनीय भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले में आगे की अग्रिम वैधानिक जांच की जा रही है।