IMG-20261126-WA0013

सूरजपुर, 26 नवंबर 2026: खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री और सूरजपुर जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल ने गुरुवार को कलेक्टर सभाकक्ष में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के कामकाज और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।

​बैठक में विधायक भूलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, कलेक्टर रेना जमील, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल और जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

​धान खरीदी और कृषि गतिविधियां

मंत्री बघेल ने धान खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने, रकबा सत्यापन समय पर पूरा करने और अवैध धान खपाने के प्रयासों पर सख्त रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य विभाग से पंजीकृत किसानों, बारदानों की उपलब्धता और राइस मिलर्स द्वारा धान जमा करने की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही राशन दुकानों के नियमित निरीक्षण और सीएनजी गैस आपूर्ति की समीक्षा की। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की समीक्षा में फसल विविधीकरण, दलहन-तिलहन व ऑयल पाम उत्पादन को बढ़ावा देने, गन्ना उत्पादन, गोधाम योजना और प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए।

​स्वास्थ्य, बिजली और शिक्षा व्यवस्था

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में जिला अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की व्यवस्था, एनसीडी स्क्रीनिंग और आयुष्मान व वय वंदन कार्ड निर्माण की प्रगति पर चर्चा की गई। बिजली विभाग (सीएसपीडीसीएल) को स्मार्ट मीटर से अधिक बिल आने की शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने और पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को गति देने को कहा गया।

​महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में बंद रहने वाले आंगनबाड़ी केंद्रों की जवाबदेही तय करने और अनुपस्थित कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं शिक्षा विभाग को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षण व्यवस्था, मध्यान्ह भोजन, सरस्वती साइकिल वितरण और मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के तहत अपूर्ण भवन निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने को कहा गया।

​आदिवासी विकास, राजस्व और अधोसंरचना

बैठक में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, एकलव्य विद्यालयों के संचालन, वन अधिकार अधिनियम और लंबित राजस्व प्रकरणों (फौती, सीमांकन, बंटवारा) के निराकरण की समीक्षा की गई। जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के तहत लंबित सड़क व निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीण विकास के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण और कौशल विकास योजनाओं की प्रगति भी जांची गई। वन विभाग से लघु वनोपज खरीदी, तेंदूपत्ता संग्राहकों के लाभ और मानव-हाथी द्वंद्व मुआवजा वितरण की जानकारी ली गई।

​नशे की रोकथाम और संविधान दिवस की शपथ

मंत्री बघेल ने जिले में नशीले पदार्थों और इंजेक्शन के दुरुपयोग को रोकने के लिए विभागों को आपसी समन्वय से काम करने तथा नशीले इंजेक्शन से होने वाले एचआईवी संक्रमण के प्रति जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सहजता से मिलना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक के दौरान संविधान दिवस के अवसर पर मंत्री बघेल ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की उद्देशिका का वाचन भी कराया।

Disclaimer

वेब पोर्टल पर लगी सभी खबरों (फोटो, वीडियो, ऑडियो, कंटेंट) की पूर्ण जिम्मेदारी खबर भेजने वाले संवाददाता की ही होगी। संवाददाता की खबर से जुड़ी किसी भी प्रकार की वैधानिक कार्यवाही हेतु संवाददाता ही जिम्मेदार होंगे। अतः खबर की सत्यता की जांच करने के पश्चात ही खबर भेजें। वेब पोर्टल के प्रधान संपादक व संपादक इस हेतु जिम्मेदार नहीं होंगे।

संपादक: मोहम्मद गयासुद्दीन 7089858854

सह संपादक: निजामुद्दीन खान 9977896417

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *