
अंबिकापुर : डिजिटल युग में बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए सरगुजा पुलिस द्वारा जिले में ‘साइबर जागृति अभियान’ की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत 19 अगस्त को जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 500 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
यह पूरा आयोजन डीआईजी/एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व नोडल अधिकारी साइबर सेल रितेश चौधरी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। अभियान के प्रथम सप्ताह में जिले के स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर युवाओं व नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए यह विशेष मुहिम चलाई जा रही है।
इन प्रमुख स्थानों पर आयोजित हुए कार्यक्रम
साईं बाबा स्कूल, अंबिकापुर
लटोरी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, लखनपुर
मिशन हायर सेकेंडरी स्कूल, रघुनाथपुर
धौरपुर बस स्टैंड
थाना सीतापुर का ग्राम वंदना
स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम स्कूल, गांधीनगर
डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचाव के दिए गए टिप्स
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों और पुलिस अधिकारियों ने वर्तमान समय में तेजी से फैल रहे साइबर अपराधों और ठगी के नए तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसमें मुख्य रूप से OTP, UPI और QR कोड फ्रॉड, फर्जी लिंक भेजकर खाते खाली करना, खतरनाक APK फाइल डाउनलोड करवाना, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी प्रोफाइल, अनजान वीडियो कॉल, सेक्सटॉर्शन और हाल ही में सामने आ रहे ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे गंभीर मामलों से बचने के उपाय बताए गए।
छात्राओं और आम नागरिकों को हिदायत दी गई कि वे किसी भी सूरत में अपनी गोपनीय जानकारी जैसे OTP, PIN, CVV या बैंक पासवर्ड किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान APK फाइल इंस्टॉल करने या किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर QR कोड स्कैन करने से पहले उसकी पूरी सत्यता जांच लें। इसके अलावा सोशल मीडिया पर अपनी निजी फोटो, वीडियो और व्यक्तिगत जानकारी अपलोड करते समय सावधानी बरतने की अपील की गई।
1930 हेल्पलाइन पर तुरंत करें रिपोर्ट
साइबर फ्रॉड का शिकार होने पर तुरंत कदम उठाने के महत्व पर जोर देते हुए बताया गया कि यदि किसी के साथ डिजिटल ठगी होती है, तो वे बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते शिकायत दर्ज कराने से ठगी गई राशि को बैंक खातों में ब्लॉक करने और वापस पाने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
‘जागरूकता की एक Selfie’ अभियान बना आकर्षण
कार्यक्रम के दौरान “जागरूकता की एक Selfie” अभियान की शुरुआत की गई, जिसमें विद्यार्थियों को एक विशेष जागरूकता QR कोड के बारे में बताया गया। छात्र-छात्राओं ने इस QR कोड को स्कैन किया और इसके साथ सेल्फी लेकर साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस आयोजन में स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम स्कूल के प्राचार्य डॉ राजकुमार यादव, साईं बाबा स्कूल की प्राचार्य प्राची गोयल, नवा बिहान से मंगल पाण्डेय, उप निरीक्षक अभय तिवारी, सहायक उप निरीक्षक परशुराम पैकरा, महिला थाना से सहायक उप निरीक्षक गंभीर साय, महिला आरक्षक सविता मरावी, संगीता, और आरक्षक राहुल केरकेट्टा सहित पुलिस विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं, पुलिस मितान एवं साइबर वॉलंटियर टीम से अतुल गुप्ता, विक्की गुप्ता और राजकुमार ने भी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए छात्र-छात्राओं के प्रश्नों और शंकाओं का समाधान किया।