अंबिकापुर /सरगुजा : सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए सरगुजा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की गई है। चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़े गए दो अलग-अलग चालकों को अदालत ने कुल 20 हजार रुपये के अर्थदंड (फाइन) से दंडित किया है।
चेकिंग के दौरान ब्रेथ एनालाइजर से हुई पुष्टि
यातायात पुलिस टीम द्वारा चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के तहत पुलिस ने पहले मामले में एक मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 15 DB 0613) को रोककर पूछताछ की। बाइक चालक ने अपना नाम अमरदीप लकड़ा (उम्र 35 वर्ष, निवासी सीतापुर, थाना सीतापुर) बताया। मौके पर संदेह होने पर ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें उसके भारी मात्रा में शराब का सेवन कर वाहन चलाने की पुष्टि हुई।
इसी तरह दूसरे मामले में चेकिंग के दौरान एक ई-रिक्शा (क्रमांक CG 15 DY 1512) को रोककर चालक से पूछताछ की गई। उसने अपना नाम सैफ खान (उम्र 34 वर्ष, निवासी दर्रीपारा, थाना अंबिकापुर) बताया। ब्रेथ एनालाइजर से टेस्ट करने पर यह चालक भी अत्यधिक नशे की हालत में वाहन चलाता हुआ पाया गया।
अदालत ने सुनाया 10-10 हजार का जुर्माना
शराब पीकर वाहन चलाने और दूसरों की जान जोखिम में डालने के अपराध में यातायात पुलिस ने दोनों चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद मामले को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। माननीय न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों अनावेदक चालकों पर 10-10 हजार रुपये, यानी कुल 20,000 रुपये का भारी भरकम अर्थदंड लगाया।
सख्त कार्रवाई का संदेश
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त और उनकी टीम द्वारा यह कार्रवाई पूरी की गई। पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि सड़कों को सुरक्षित बनाना और हादसों को रोकना उनकी पहली प्राथमिकता है। नियमों की अवहेलना करने वालों और नशे में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ आगे भी यह अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।