सूरजपुर : थाना ओड़गी क्षेत्र अंतर्गत एक नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने अपहृत बालिका की पतासाजी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 2 अलग-अलग टीमों का गठन किया। विवेचना के दौरान पुलिस की पहली टीम कटनी (मध्यप्रदेश) तथा दूसरी टीम पश्चिम चंपारण (बिहार) के लिए रवाना हुई। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, जिससे पुलिस को उसकी लोकेशन ट्रेस करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
बिहार पहुंची पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों का सहारा लिया और लगातार आरोपी का पीछा किया। बिहार से हैदराबाद और बैंगलोर होते हुए अंततः नागपुर (महाराष्ट्र) के पाडूरंगा से आरोपी राजू कुमार (उम्र 24 वर्ष, निवासी पश्चिम चंपारण, बिहार) को धर दबोचा गया। उसके कब्जे से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर वापस लाया गया।
बालिका को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष पेश करने के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है, वहीं आरोपी राजू कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
कार्रवाई में शामिल टीम:
यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी ओड़गी राजेन्द्र मण्डावी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। टीम में थाना प्रभारी ओड़गी अलरिक लकड़ा, एएसआई ज्ञानचंद सिंह, प्रधान आरक्षक उदय सिंह, आरक्षक हेमंत सिंह, अनिल एक्का, सतीश गुप्ता, निर्मल राजवाड़े एवं महिला आरक्षक सुकन्या सिंह की सक्रिय भूमिका रही।

