सूरजपुर : ओड़गी पुलिस ने लिफ्ट देने का झांसा देकर वृद्ध से ₹5,000 लूटने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी मध्य प्रदेश का आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ कई थानों में मामले दर्ज हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भवरखोह निवासी जेठू सिंह 20 अगस्त 2026 को ओड़गी स्थित लोक सेवा केंद्र से पैसे निकालने गए थे। पैसे निकालने के बाद वे बस स्टैंड पर बारिश रुकने का इंतजार कर रहे थे। उसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोपेड लेकर पहुंचे एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें गांव तक छोड़ने का झांसा दिया। रास्ते में पालदनौली जंगल के पास आरोपी ने जेठू सिंह से जबरन ₹5,000 लूट लिए और फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर थाना ओड़गी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज किया गया।
सूरजपुर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर आरोपी की तलाश शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हुलिए से मिलता-जुलता एक व्यक्ति ओड़गी के साप्ताहिक बाजार में लोगों को मदद का झांसा देकर गाड़ी में बैठाने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम श्रीराम गुप्ता उर्फ लम्बू उर्फ सुजीत उर्फ करण (पिता: छोटेलाल) बताया। वह मूल रूप से दर्रीपारा (थाना भैयाथान) का रहने वाला है और वर्तमान में ग्राम मनियारी (थाना बैढ़न, जिला सिंगरौली, मध्य प्रदेश) में रह रहा था। CCTV फुटेज और शिनाख्त की कार्रवाई के आधार पर घटना में उसी की संलिप्तता पाई गई, जिसे आरोपी ने भी स्वीकार कर लिया।
कई थानों में दर्ज हैं आपराधिक मामले
पकड़े गए आरोपी श्रीराम गुप्ता के खिलाफ मध्य प्रदेश के कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा थाना बसंतपुर में उसके खिलाफ स्थायी वारंट भी जारी है, जिसकी सूचना संबंधित थानों को भेज दी गई है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अलरिक लकड़ा, प्रधान आरक्षक रामाधीन श्यामले, मनोज वर्मा, आरक्षक निर्मल राजवाड़े और जगदीश की मुख्य भूमिका रही।
ओड़गी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लिफ्ट देकर लूट करने वाला शातिर आरोपी दबोचा
Leave a comment
Leave a comment

