IMG-20261127-WA0047

​रघुनाथनगर के मेगा स्वास्थ्य शिविर का मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया अवलोकन, 7,259 लोगों ने लिया लाभ

बलरामपुर, 27 नवंबर 2026। ग्राम कोगवार के 50 वर्षीय रामजतन पाल दो लाठियों के सहारे रघुनाथनगर के मेगा स्वास्थ्य शिविर पहुंचे। घर की दीवार ढहने के बाद से उनकी कमर और घुटनों में लगातार दर्द रहता है, जिससे चलना बेहद मुश्किल हो गया है। शिविर में जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें शासकीय अस्पताल में एक्स-रे कराने की सलाह दी, ताकि आगे का उपचार तय किया जा सके। रामजतन के लिए घर के पास लगा यह शिविर इलाज तक पहुंचने का रास्ता बना।

​ग्राम जोरही की 60 वर्षीय समुद्री बाई को उनके पुत्र व्हीलचेयर पर शिविर लेकर आए। उन्हें देखने में परेशानी हो रही थी। नेत्र जांच में मोतियाबिंद की समस्या सामने आने पर डॉक्टरों ने अस्पताल में ऑपरेशन कराने की सलाह दी। उनके बेटे को उम्मीद है कि उपचार के बाद मां की देखने की तकलीफ दूर होगी।

​ग्राम बेबरी पटेवा की पंडो जनजाति की 56 वर्षीय बिरदुलिया बाई अपनी स्त्री रोग संबंधी परेशानी लेकर शिविर पहुंचीं। उन्होंने महिला चिकित्सक से खुलकर बात की और परामर्श के साथ दवा प्राप्त की। ग्राम कोटी की 50 वर्षीय कल्पतिया बाई ने भी स्त्री रोग संबंधी जांच कराई। ग्राम गुडरु के 75 वर्षीय सुधामा सिंह ने घुटनों के दर्द के लिए दवा ली, जबकि ग्राम शंकरपुर के 60 वर्षीय राम प्रसाद ने घुटनों के दर्द और कम दिखाई देने की समस्या डॉक्टरों को बताई।

​वाड्रफनगर विकासखंड के रघुनाथनगर स्थित शासकीय हाई स्कूल मैदान में करमा महोत्सव के दौरान जिला प्रशासन और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर मेगा महिला स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जो क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा महिला स्वास्थ्य शिविर रहा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अन्य अतिथियों के साथ शिविर का अवलोकन किया।

​स्वास्थ्य विभाग से शाम 5 बजे तक प्राप्त जानकारी के अनुसार शिविर में 7,259 लोगों ने स्वास्थ्य लाभ लिया, जिनमें 4,224 महिलाएं और 3,035 पुरुष शामिल हैं। सबसे अधिक 1,473 मरीजों की जांच मेडिसिन विशेषज्ञों और 1,405 मरीजों की जांच हड्डी रोग विशेषज्ञों ने की। चर्म रोग विशेषज्ञों ने 943, नाक-कान-गला विशेषज्ञों ने 743, नेत्र रोग विशेषज्ञों ने 644, आयुर्वेद विशेषज्ञों ने 631 और सामान्य सर्जरी विशेषज्ञों ने 467 मरीजों को देखा। शिशु रोग विशेषज्ञों ने 405 बच्चों की जांच की। स्त्री रोग विशेषज्ञों ने 289 महिलाओं को उपचार दिया, जबकि मानसिक रोग विशेषज्ञों ने 168 और कैंसर रोग विशेषज्ञों ने 91 लोगों की जांच की।

​शिविर में स्वास्थ्य जांच के दौरान 1,401 लोगों का रक्तचाप और 695 लोगों का शुगर स्तर बढ़ा हुआ पाया गया। उन्हें आवश्यक परामर्श और उपचार दिया गया। सैंपल संग्रहण और जरूरत के अनुसार दवा वितरण की सुविधा भी उपलब्ध रही।

​आयोजन से पहले स्वास्थ्य अमले ने विकासखंड के 120 गांवों में घर-घर जाकर सर्वे किया था, जिसमें 13,104 मरीज चिह्नित किए गए। सर्वे में जोड़ों, कमर और घुटनों के दर्द से पीड़ित 2,918 तथा मेडिसिन संबंधी समस्याओं वाले 2,878 लोग मिले। स्त्री रोग संबंधी समस्याओं वाली 2,224 महिलाएं, आंखों की परेशानी वाले 1,602 लोग और 1,004 बच्चे भी चिह्नित किए गए। इसके अलावा दंत रोग के 646, चर्म रोग के 616, सर्जरी संबंधी समस्याओं के 640 तथा नाक-कान-गला रोग के 576 मरीज मिले।

​शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध चिकित्सालय अंबिकापुर, जिला चिकित्सालय बलरामपुर तथा वाड्रफनगर और रामानुजगंज के 100 बिस्तर अस्पतालों के 32 चिकित्सकों ने शिविर में सेवाएं दीं। शिविर में महिलाओं से स्तन में गांठ, माहवारी की अनियमितता या सफेद पानी जैसी समस्याओं को छिपाने के बजाय समय पर जांच कराने की अपील की गई।

​अपने ही क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच और परामर्श मिलने पर शिविर में पहुंची महिलाओं ने आभार व्यक्त किया। कई ग्रामीणों को परामर्श और दवाएं मिलीं, जबकि समुद्री बाई और रामजतन जैसे अनगिनत मरीजों के लिए आगे के उपचार की दिशा स्पष्ट हुई।

Disclaimer

वेब पोर्टल पर लगी सभी खबरों (फोटो, वीडियो, ऑडियो, कंटेंट) की पूर्ण जिम्मेदारी खबर भेजने वाले संवाददाता की ही होगी। संवाददाता की खबर से जुड़ी किसी भी प्रकार की वैधानिक कार्यवाही हेतु संवाददाता ही जिम्मेदार होंगे। अतः खबर की सत्यता की जांच करने के पश्चात ही खबर भेजें। वेब पोर्टल के प्रधान संपादक व संपादक इस हेतु जिम्मेदार नहीं होंगे।

संपादक: मोहम्मद गयासुद्दीन 7089858854

सह संपादक: निजामुद्दीन खान 9977896417

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *