IMG-20261113-WA0014

अंबिकापुर। शहर की धूल भरी सड़कों, बदहाल राष्ट्रीय राजमार्ग और विभिन्न जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग को लेकर कांग्रेस मंगलवार 1 दिसंबर से क्रमिक भूख हड़ताल शुरू करने जा रही है। क्षेत्रवासी लंबे समय से सड़कों और खासकर राष्ट्रीय राजमार्गों की दुर्दशा से परेशान हैं—चाहे बरसात में दलदल युक्त सड़कों पर आवागमन की समस्या हो या मौजूदा समय में उड़ते धूल के गुबार। विशेष रूप से खरसिया रोड पर रहने वाले, व्यवसाय करने वाले और आने-जाने वाले नागरिक उड़ती धूल से खासे परेशान हैं। आरोप है कि निर्माण एजेंसी और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग नियमित जल छिड़काव को लेकर उदासीन बने हुए हैं, जिसके चलते खरसिया रोड के कई छोटे खाद्य विक्रेताओं को धूल के कारण अपना कारोबार तक बंद करना पड़ा है।

​कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शाफी अहमद ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि ट्रिपल इंजन के नाम पर वोट लेने वाली भाजपा और उसके नेतृत्वकर्ता जमीनी काम करने के बजाय सोशल मीडिया पर चार लेन और छह लेन सड़कों की आकर्षक तस्वीरें दिखाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि राष्ट्रीय राजमार्ग की समस्याओं से राहत दिलाने के लिए तत्काल प्रभावी काम शुरू होना चाहिए। यदि 30 नवंबर तक काम शुरू नहीं हुआ, तो कांग्रेस 1 दिसंबर से विवेकानंद की प्रतिमा के सामने क्रमिक भूख हड़ताल करने के लिए बाध्य होगी।

​निगम क्षेत्र की समस्याएं भी आंदोलन के दायरे में

​ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अंबिकापुर शहर के मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक के बाद लिए गए इस निर्णय में नगर निगम क्षेत्र की समस्याओं को भी शामिल किया गया है। बालकृष्ण पाठक और शाफी अहमद ने कहा कि क्षेत्रीय सांसद, विधायक, सरकार के मंत्री, महापौर और प्रशासनिक अधिकारी पिछले 2-3 वर्षों से केवल आश्वासन और नई तारीखें दे रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर अपेक्षित कार्य नजर नहीं आ रहे हैं। शहरवासी भाजपा के आश्वासनों से खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

​उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ-साथ शहर की भीतरी सड़कों की स्थिति भी बदतर हो गई है। कई वार्डों की सड़कों के टेंडर हुए महीनों बीत चुके हैं, लेकिन निगम प्रशासन ठेकेदारों से काम शुरू कराने में नाकाम रहा है। सड़कों के अलावा स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और राशन कार्ड जैसे मुद्दों पर भी निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए। गुणवत्ता के अभाव में बीते गर्मियों में बनी सड़कों में ही गड्ढे उभर आने का आरोप भी लगाया गया। नेताओं के अनुसार पहले 15 अक्टूबर और फिर दीपावली तक काम शुरू होने का भरोसा दिलाया गया था, लेकिन दीपावली बीतने के पखवाड़े भर बाद भी काम शुरू नहीं हो सका है। राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही नगर निगम को भी 30 नवंबर तक का अल्टीमेटम दिया गया है।

​वार्ड स्तर पर होगा निगम के कार्यों का ऑडिट

​ब्लॉक कांग्रेस अंबिकापुर की बैठक में नेता प्रतिपक्ष शाफी अहमद ने वार्ड स्तर पर घर-घर जाकर निगम की सेवाओं की जमीनी स्थिति की समीक्षा करने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। इसके तहत कांग्रेस अपने वार्डों में मौजूदा पार्षदों के जरिए, जबकि भाजपा पार्षदों वाले वार्डों में चयनित प्रतिनिधियों के माध्यम से घर-घर जाकर सड़क, बिजली, पानी, सफाई और राशन कार्ड जैसे विषयों पर नागरिकों से फीडबैक लेगी। इस फीडबैक को नगर निगम के साथ-साथ जिला प्रशासन तक भी पहुंचाया जाएगा।

Disclaimer

वेब पोर्टल पर लगी सभी खबरों (फोटो, वीडियो, ऑडियो, कंटेंट) की पूर्ण जिम्मेदारी खबर भेजने वाले संवाददाता की ही होगी। संवाददाता की खबर से जुड़ी किसी भी प्रकार की वैधानिक कार्यवाही हेतु संवाददाता ही जिम्मेदार होंगे। अतः खबर की सत्यता की जांच करने के पश्चात ही खबर भेजें। वेब पोर्टल के प्रधान संपादक व संपादक इस हेतु जिम्मेदार नहीं होंगे।

संपादक: मोहम्मद गयासुद्दीन 7089858854

सह संपादक: निजामुद्दीन खान 9977896417

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *