October 11, 2026
IMG-20260820-WA0039

सूरजपुर : अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सूरजपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना प्रेमनगर पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए 44 लाख रुपये मूल्य का 88 किलो 430 ग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने कोरिया जिले के एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है।
नाकाबंदी देखकर भागने की कोशिश
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर जिले भर में अवैध नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 19 अगस्त 2026 की रात थाना प्रेमनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की बोलेरो (क्रमांक CG 16 CN 7570) में भारी मात्रा में गांजा लादकर परसाकेते की ओर से बचरापोड़ी (जिला कोरिया) की तरफ ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस टीम ने ग्राम रघुनाथपुर चौक के पास घेराबंदी कर नाकाबंदी लगाई। वाहन चालक ने पुलिस की नाकाबंदी देखकर गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और बस्ती की तरफ भागने लगा। इस पर पुलिस टीम ने पीछा करते हुए ब्रम्हपुर गांव के पास संदिग्ध को घेरकर पकड़ लिया।
अस्पताल परिसर में छिपाई थी गांजे से भरी गाड़ी
हिरासत में लेकर की गई कड़ाई से पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम उमरे आजम उर्फ नान्हू खान (उम्र 40 वर्ष), निवासी ग्राम पोड़ी (बचरा), थाना बैकुंठपुर (जिला कोरिया) बताया। आरोपी ने खुलासा किया कि पुलिस से बचने के लिए उसने गांजे से भरी बोलेरो गाड़ी को एक अस्पताल परिसर में छिपा दिया था और वहां से खुद बाइक से लिफ्ट लेकर भाग रहा था। पुलिस की टीम आरोपी को लेकर मौके पर पहुंची और उसकी निशानदेही पर बोलेरो से 88 किलो 430 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 44 लाख रुपये आंकी गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने गांजा और परिवहन में इस्तेमाल बोलेरो वाहन को जब्त कर आरोपी उमरे आजम उर्फ नान्हू खान के खिलाफ धारा 20(बी),(आईआई),(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे जेल भेज दिया है।
इस सफल कार्रवाई में एएसआई गुड्डू कुशवाहा, सुप्रियन टोप्पो, पीएसआई पुलेश्वर ध्रुव, प्रधान आरक्षक विनय किस्पोट्टा, प्रमोद लकड़ा तथा आरक्षक सत्यम सिंह, हरिशचंद दास, दीपक यादव, बृजेश काशी और संतोष ठाकुर की सराहनीय और सक्रिय भूमिका रही।
नशे के खिलाफ पुलिस की अपील
कार्रवाई के बाद पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने कहा कि जिले में नशे के अवैध व्यापार को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस की यह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। नशा न केवल एक व्यक्ति का जीवन बर्बाद करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को दीमक की तरह चाट जाता है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि आसपास नशे से जुड़ी कोई भी संदिग्ध गतिविधि या कारोबार दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News