October 11, 2026
IMG-20260519-WA0006.jpg


अंबिकापुर : जिला सरगुजा के थाना गांधीनगर पुलिस ने सूने मकान में ताला तोड़कर चोरी करने वाले एक शातिर अंतर-जिला चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर लिया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ अलग-अलग थानों में चोरी और नकबजनी के दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
शादी में गया था परिवार, पीछे से साफ कर दिया हाथ
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गांधीनगर हाई स्कूल के पीछे रहने वाले प्रार्थी 14 मई 2026 को अपने मकान में ताला लगाकर एक रिश्तेदार की शादी समारोह में शामिल होने गए थे। जब वे 17 मई 2026 को वापस लौटे, तो उनके होश उड़ गए। मकान के मुख्य दरवाजे और पेटी का ताला टूटा हुआ था। कोई अज्ञात चोर पेटी में रखे सोने का 01 नग लॉकेट, 02 नग कान की बाली, ₹2,000 नगद और एक चावल की बोरी चोरी कर फरार हो चुका था।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 285/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305ए के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
बनारस रोड पेट्रोल पंप के पास से धराया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बनारस रोड पेट्रोल पंप के पास एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर संदेही भज्जू वासुदेव को हिरासत में लिया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर संदेही ने गांधीनगर के उक्त सूने मकान में ताला तोड़कर चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि उसने चोरी का सामान एक खेत में छिपाकर रखा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके कब्जे से 01 नग सोने का लॉकेट बरामद किया, जिसकी पहचान प्रार्थी द्वारा कर ली गई है।
आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास, दर्ज हैं 24 मामले
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान भज्जू वासुदेव उर्फ भज्जू बसदेव उर्फ लल्लू (उम्र 34 वर्ष), निवासी सोहागपुर (सहायकपुर, चौकी करंजी, थाना विश्रामपुर, जिला सूरजपुर) के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी भज्जू एक शातिर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पूर्व में भी चोरी, नकबजनी और प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत विभिन्न थानों में लगभग 24 अपराध दर्ज हैं। वह इससे पहले भी गांधीनगर, विश्रामपुर और सूरजपुर क्षेत्र में चोरी की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस टीम को मिली सफलता
इस पूरी अंधा कत्ल और चोरी के मामले का खुलासा करने तथा आरोपी को दबोचने में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी, सहायक उप निरीक्षक वीरेंद्र कुजूर और राहुल सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News