कानून व्यवस्था मजबूत करने सूरजपुर पुलिस अधीक्षक की कड़ा रुख, अपराध समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश

Deshkibaat24
3 Min Read

सूरजपुर :  जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से सूरजपुर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने मंगलवार, 08 सितम्बर 2026 को जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं थाना-चौकी प्रभारियों की एक महत्वपूर्ण अपराध समीक्षा बैठक ली।
बैठक के दौरान जिले की कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सख्त लहजे में कहा कि केवल एफआईआर दर्ज कर लेना ही पुलिस की जिम्मेदारी की इतिश्री नहीं है, बल्कि प्रत्येक मामले की गहराई से जांच कर पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को अदालत से सजा दिलाना पुलिस का मुख्य लक्ष्य होना चाहिए।
अपराध समीक्षा बैठक के मुख्य बिंदु एवं निर्देश:
लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण:
पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थानों और चौकियों में लंबित अपराधों, चालानों और मर्ग प्रकरणों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि जनता से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्षता के साथ तय समय-सीमा के भीतर वैधानिक कार्रवाई पूर्ण की जाए।
गुणवत्तापूर्ण विवेचना और आरोपियों को सजा दिलाना:
थाना-चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे हर घटना के पीछे के कारणों, परिस्थितियों और साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण करें। वैज्ञानिक व तकनीकी साक्ष्यों का संकलन कर मजबूत अभियोजन तैयार किया जाए ताकि फरार आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी कर न्यायालय के माध्यम से उन्हें सख्त सजा दिलाई जा सके।
बीट पुलिसिंग और गश्त में तेजी:
क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने, बिना नंबर वाले और संदिग्ध वाहनों की जांच करने तथा बीट प्रणाली को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। आम नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए सतत पेट्रोलिंग और सूचना तंत्र को सक्रिय करने पर जोर दिया गया।
सीसीटीवी (CCTV) नेटवर्क का विस्तार:
अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की त्वरित पहचान के लिए जिले के प्रमुख चौराहों और शहर के निकास मार्गों पर जनसहयोग से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को कहा गया कि वे स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों को अपने प्रतिष्ठानों व घरों के बाहर मुख्य मार्गों की ओर फोकस रखते हुए सीसीटीवी लगाने के लिए प्रोत्साहित करें।
सामाजिक जागरूकता अभियान:
साइबर अपराधों से बचाव, नशे की लत से मुक्ति और यातायात नियमों के पालन के लिए जिलेभर में नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
आगामी त्योहारों और गणेश पूजा हेतु सुरक्षा व्यवस्था:
आगामी गणेशोत्सव को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को प्रतिमा स्थापना स्थलों का भौतिक सत्यापन करने, आयोजन समितियों से समन्वय बनाने और भीड़ प्रबंधन तथा यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
बैठक में उपस्थित अधिकारी:
इस समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, सीएसपी बेनार्ड कुजूर, एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा, एसडीओपी ओड़गी राजेन्द्र मण्डावी, एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का, डीएसपी अजाक रीता नीलम कुजूर, डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment