IMG-20261125-WA0024

सूरजपुर पुलिस ने बकरा-बकरी चोरी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, छह आरोपी गिरफ्तार

दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा, चोरी की गई दो बकरियां बरामद और वारदात में प्रयुक्त सियाज कार जब्त

सूरजपुर। जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र में लगातार हो रही बकरा-बकरी चोरी की घटनाओं का सूरजपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए चोरी करने वाले गिरोह के सदस्यों, चोरी का माल खरीदने वाले व्यक्ति और वारदात में इस्तेमाल की गई कार किराये पर देने वाले वाहन स्वामी सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो बकरियां और वारदात में प्रयुक्त सियाज कार क्रमांक CG 10 WH 9456 सहित अन्य सामान जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, पहली घटना में करवा निवासी मोहम्मद मुस्लिम अंसारी (44 वर्ष) ने 6 नवंबर 2026 को लटोरी चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 1-2 नवंबर की दरम्यानी रात अज्ञात लोगों ने उनके घर का दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया और दो बकरे तथा दो बकरियां चोरी कर लीं। इस मामले में अपराध क्रमांक 325/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में अपराध दर्ज किया गया था।

इसी तरह दूसरी घटना में जगतपुर निवासी सुरेश कुमार कुशवाहा (49 वर्ष) ने 23 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई कि 20-21 नवंबर की रात अज्ञात चोर उनके घर का दरवाजा तोड़कर तीन बकरे और दो बकरियां चोरी कर ले गए। इस मामले में अपराध क्रमांक 335/2026 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश और मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपियों की पतासाजी कर रही थी।

इसी दौरान 24 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि सीतापुर की ओर से सफेद रंग की सियाज कार में कुछ संदिग्ध व्यक्ति लटोरी क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने सोनवाही जंगल के पास घेराबंदी कर कार सवार पांच लोगों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने करवा और जगतपुर में हुई दोनों चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया।

आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए बकरा-बकरियों को ग्राम रायकेरा टोकापारा निवासी नुरुल्लाह खान (45 वर्ष) को बेचा गया था। पुलिस ने नुरुल्लाह को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने चोरी के दो बकरे खरीदना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सियाज कार, लोहे की रॉड, पेचकस और प्लास्टिक टेप जब्त किया है। मामले में चोरी का सामान खरीदने वाले नुरुल्लाह खान के विरुद्ध धारा 317(4) बीएनएस तथा सभी आरोपियों के विरुद्ध संगठित होकर अपराध करने के संबंध में धारा 112 बीएनएस भी जोड़ी गई है।

जांच में यह भी सामने आया कि वाहन स्वामी अजीत पैकरा (26 वर्ष) आरोपियों को प्रतिदिन रात के लिए 7 हजार रुपये किराये पर सियाज कार उपलब्ध कराता था। इसी कार का इस्तेमाल चोरी की वारदातों में किया जाता था। पुलिस ने वाहन स्वामी को भी आरोपी बनाया है।

रेकी के बाद देते थे चोरी की वारदात को अंजाम

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी करने से दो-तीन घंटे पहले ही संबंधित इलाके में पहुंच जाते थे और घरों की रेकी करते थे। इसके बाद घर में घुसकर बकरा-बकरियों के मुंह पर प्लास्टिक टेप लगा देते थे, ताकि वे आवाज न कर सकें। इसके बाद पशुओं को लेकर फरार हो जाते थे।

अन्य चोरी की घटनाओं में भी संलिप्तता

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में चोरी का सामान खरीदने वाला नुरुल्लाह खान पूर्व में बगीचा थाना क्षेत्र के बकरा चोरी के मामले में संलिप्त रहा है। वहीं दिलचन्दर उर्फ ममता मोटरसाइकिल चोरी और अजीत पैकरा रामानुजगंज में ज्वेलरी दुकान चोरी के मामले में संलिप्त रहा है।

पूछताछ में आरोपियों ने संगठित गिरोह बनाकर लटोरी चौकी क्षेत्र में दो, खड़गवां चौकी क्षेत्र में दो और सरगुजा जिले के लखनपुर क्षेत्र में एक स्थान सहित कुल पांच स्थानों पर चोरी की घटनाओं में शामिल होना बताया है।

इस कार्रवाई में लटोरी चौकी प्रभारी सुनील सिंह, एएसआई वरुण तिवारी, प्रधान आरक्षक रामनिवास तिवारी, रविशंकर सहित आरक्षक विकास मिश्रा, शोभनाथ कुशवाहा, संतोष जायसवाल, मनोज सिरदार, सुनील एक्का, हरिओम पाण्डेय और युवराज यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Disclaimer

वेब पोर्टल पर लगी सभी खबरों (फोटो, वीडियो, ऑडियो, कंटेंट) की पूर्ण जिम्मेदारी खबर भेजने वाले संवाददाता की ही होगी। संवाददाता की खबर से जुड़ी किसी भी प्रकार की वैधानिक कार्यवाही हेतु संवाददाता ही जिम्मेदार होंगे। अतः खबर की सत्यता की जांच करने के पश्चात ही खबर भेजें। वेब पोर्टल के प्रधान संपादक व संपादक इस हेतु जिम्मेदार नहीं होंगे।

संपादक: मोहम्मद गयासुद्दीन 7089858854

सह संपादक: निजामुद्दीन खान 9977896417

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *