बलरामपुर-रामानुजगंज (20 नवंबर 2026): चौकी वाड्रफनगर तथा थाना बसंतपुर पुलिस ने कम्पोजिट मदिरा दुकान में 7,59,720 रुपये की धोखाधड़ी और गबन के मामले में फरार चल रहे सुपरवाइजर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को 19 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया और न्यायालय वाड्रफनगर से पुलिस रिमांड लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को आबकारी उपनिरीक्षक वृत्त वाड्रफनगर अभिषेक कुमार राजवाड़े ने लिखित आवेदन देकर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई थी। ऑडिटर द्वारा 1 मई 2026 से 11 जून 2026 तक कम्पोजिट मदिरा दुकान वाड्रफनगर का भौतिक सत्यापन किया गया था। सत्यापन और दैनिक बैंक जमा राशि के मिलान में 7,59,720 रुपये की राशि कम जमा पाई गई।
जांच में सामने आया कि दुकान का सुपरवाइजर लाल बिहारी यादव (पिता रामनाथ यादव, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम कुण्डपान, थाना बभनी, जिला सोनभद्र उत्तर प्रदेश; वर्तमान पता ग्राम प्रेमनगर, थाना बसंतपुर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज) बिना किसी सूचना के मनमाने ढंग से दुकान से अनुपस्थित था। वह प्रतिदिन की मदिरा बिक्री का स्टॉक रजिस्टर संधारित करता था, बिक्री राशि का हिसाब अपने कब्जे में रखता था और कैश कलेक्शन एजेंसी को सौंपता था।
आरोप है कि लाल बिहारी यादव ने मदिरा बिक्री की 7,59,720 रुपये की राशि बैंक में कम जमा कर बेईमानीपूर्वक शासन के राजस्व को नुकसान पहुंचाया और धोखाधड़ी कर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर चौकी वाड्रफनगर में अपराध क्रमांक 105/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (भा.न्या.सं.) की धारा 318(4) और 316(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान विदेशी मदिरा दुकान के विक्रय पंजी और बैंक विवरण के अवलोकन से 7,59,720 रुपये की धोखाधड़ी की पुष्टि हुई। अपराध दर्ज होने के बाद से लगातार फरार चल रहे आरोपी लाल बिहारी यादव को 19 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से गबन की राशि और इस प्रकरण में अन्य संलिप्त लोगों के संबंध में बारीकी से पूछताछ व जांच की जा रही है।
Disclaimer
वेब पोर्टल पर लगी सभी खबरों (फोटो, वीडियो, ऑडियो, कंटेंट) की पूर्ण जिम्मेदारी खबर भेजने वाले संवाददाता की ही होगी। संवाददाता की खबर से जुड़ी किसी भी प्रकार की वैधानिक कार्यवाही हेतु संवाददाता ही जिम्मेदार होंगे। अतः खबर की सत्यता की जांच करने के पश्चात ही खबर भेजें। वेब पोर्टल के प्रधान संपादक व संपादक इस हेतु जिम्मेदार नहीं होंगे।
संपादक: मोहम्मद गयासुद्दीन 7089858854
सह संपादक: निजामुद्दीन खान 9977896417
