IMG-20261113-WA0014

हर पात्र किसान का धान सहजता से खरीदा जाए, आदान सहायता की जानकारी हर किसान तक पहुँचे: कलेक्टर

रिपोर्टर :- रिजवान खान

बलरामपुर, 18 नवम्बर 2026: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में धान खरीदी की अद्यतन स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। कलेक्टर ने किसानों के रकबा पंजीयन में विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि धान खरीदी में पूरी पारदर्शिता रखी जाए और प्राथमिकता यह हो कि हर पात्र किसान का धान सहज और व्यवस्थित ढंग से खरीदा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

​किसानों को मिलेगा कृषक उन्नति योजना का पूरा लाभ

​कलेक्टर ने बताया कि राज्य सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी नीति में किसानों के हित में अहम निर्णय लिया है। कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की एक समान आदान सहायता राशि दी जाएगी। यदि कोई किसान एक एकड़ में केवल 10 से 15 क्विंटल धान का उत्पादन करता है और उतना ही धान बेचता है, तब भी उसे इस योजना में प्रति एकड़ पूरी 13,839 रुपये की राशि मिलेगी। इसी तरह दो एकड़ पात्र रकबे वाले किसान को 27 हजार 678 रुपये और तीन एकड़ वाले किसान को 41 हजार 517 रुपये की सहायता मिल सकेगी।

​इस वर्ष कॉमन ग्रेड धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये और ग्रेड-ए धान का 2,461 रुपये प्रति क्विंटल है। राज्य सरकार किसानों को समर्थन मूल्य और कृषक उन्नति योजना की सहायता मिलाकर 3,100 रुपये प्रति क्विंटल का लाभ दे रही है। सामान्य धान के समर्थन मूल्य और इस दर के बीच 659 रुपये प्रति क्विंटल का अंतर है। प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल खरीदी के आधार पर यही अंतर 13,839 रुपये बनता है। सरकार ने इस राशि को एक समान आदान सहायता के रूप में तय किया है, ताकि कम उपज होने या सीमा से कम धान बेचने पर भी किसानों की सहायता राशि में कोई कटौती न हो।

​कृषि उन्नति योजना का लाभ लेने के लिए किसान को आवेदन करना अनिवार्य है। जिसके लिए कृषक बंधु धान उपार्जन केंद्र पहुंचने पर आवेदन कर सकते हैं।

​उपार्जन केंद्रों में पुख्ता व्यवस्था और व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश

​कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कोई भी खसरा सत्यापन और संबंधित राजस्व अधिकारी की पुष्टि के बिना न जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि उपार्जन केन्द्रों में धान की स्टैकिंग महत्वपूर्ण है और संबंधित अधिकारी इसका भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने केन्द्रों में पर्याप्त बारदाना, इलेक्ट्रॉनिक तौल उपकरण, धान के सुरक्षित रखरखाव, परिवहन और किसानों के लिए अन्य जरूरी सुविधाएँ सुनिश्चित करने को भी कहा।

​साथ ही उन्होंने अधिकारियों को आदान सहायता संबंधी इस निर्णय का व्यापक प्रचार-प्रसार कर हर किसान तक जानकारी पहुँचाने के निर्देश दिए, ताकि कम उत्पादन वाले किसान भी योजना का पूरा लाभ ले सकें और कोई भी पात्र किसान एग्रीस्टैक पंजीयन व रकबा सत्यापन से छूट न जाए।

​बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागीय योजनाओं और गतिविधियों की समीक्षा कर अधिकारियों को तय लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक समय पर पहुँचे। बैठक में सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की विभागवार गहन समीक्षा भी की गई।

​बैठक में जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार, आर. एस. लाल, अभिषेक गुप्ता, सर्व एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Disclaimer

वेब पोर्टल पर लगी सभी खबरों (फोटो, वीडियो, ऑडियो, कंटेंट) की पूर्ण जिम्मेदारी खबर भेजने वाले संवाददाता की ही होगी। संवाददाता की खबर से जुड़ी किसी भी प्रकार की वैधानिक कार्यवाही हेतु संवाददाता ही जिम्मेदार होंगे। अतः खबर की सत्यता की जांच करने के पश्चात ही खबर भेजें। वेब पोर्टल के प्रधान संपादक व संपादक इस हेतु जिम्मेदार नहीं होंगे।

संपादक: मोहम्मद गयासुद्दीन 7089858854

सह संपादक: निजामुद्दीन खान 9977896417

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *