सूरजपुर : जिले के भैयाथान तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़सरा में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। गांव में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्थापना के लिए 2.00 एकड़ शासकीय भूमि आवंटित करने का अनुरोध प्रशासन से किया गया था, जिस पर अब आधिकारिक प्रक्रिया तेज हो गई है।
ग्राम सभा से मिल चुकी है सर्वसम्मति
उप-केंद्र निर्माण के लिए ग्राम बड़सरा (पटवारी हल्का नंबर 04) में स्थित शासकीय आबादी मद में दर्ज खसरा नंबर 1314 (कुल रकबा 1.43 हेक्टेयर) की भूमि को चिह्नित किया गया है। इस भूमि के आवंटन हेतु 24 जून 2026 को आयोजित ग्राम पंचायत बड़सरा की ग्राम सभा में प्रस्ताव क्रमांक 11 प्रस्तुत किया गया था, जिसे ग्रामीणों और प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से पारित कर अपनी सहमति दी थी।
जांच प्रतिवेदन के बाद तहसील न्यायालय में मामला विचाराधीन
ग्राम सभा के प्रस्ताव के आधार पर राजस्व निरीक्षक और हल्का पटवारी द्वारा स्थल का निरीक्षण कर विस्तृत जांच प्रतिवेदन मय आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रस्तुत कर दिया गया है। प्रतिवेदन मिलने के उपरांत शासकीय प्रयोजन हेतु भूमि आवंटन की नियमानुसार कार्रवाई प्रस्तावित की गई है, जो वर्तमान में तहसील न्यायालय भैयाथान में प्रक्रियाधीन है।
22 सितंबर को प्रातः 11 बजे तक प्रस्तुत कर सकते हैं आपत्ति
भूमि आवंटन की इस प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से सर्वसाधारण के लिए सार्वजनिक सूचना जारी की गई है। इस आवंटन से संबंधित यदि किसी व्यक्ति, संस्था या पक्ष को कोई आपत्ति अथवा दावा प्रस्तुत करना हो, तो वे 22 सितंबर 2026 को प्रातः 11:00 बजे तहसील न्यायालय भैयाथान में स्वयं उपस्थित होकर अपना लिखित पक्ष रख सकते हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियत तिथि और निर्धारित समय के पश्चात प्राप्त होने वाले किसी भी दावे या आपत्ति पर कोई विचार नहीं किया जाएगा और भूमि आवंटन की अंतिम कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी।
भैयाथान के ग्राम बड़सरा में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र के लिए 2 एकड़ भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू, 22 सितंबर तक दावा-आपत्ति आमंत्रित
Leave a comment
Leave a comment

