अंबिकापुर : सरगुजा जिले के थाना कोतवाली और साइबर सेल पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए घटना के महज कुछ ही घंटों के भीतर मुख्य साजिशकर्ता दामाद सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पारिवारिक विवाद और तलाक के मुकदमे से रंजिश रखते हुए दामाद ने 5 लाख रुपये की सुपारी देकर अपने ससुर की हत्या कराई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, खून से सने कपड़े और बस टिकट बरामद किए हैं।
किराए का मकान देखने के बहाने घर में घुसे हमलावर
घटना 16 सितंबर 2026 की सुबह करीब 10:15 बजे रसूलपुर, अंबिकापुर की है। प्रार्थिया सादिया शारीन सिद्दीकी के घर तीन अज्ञात व्यक्ति किराए का मकान देखने के बहाने आए। तीनों अज्ञात व्यक्ति प्रार्थिया के पिता वसीरुद्दीन सिद्दीकी से किराए के कमरे के संबंध में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान तीनों ने अचानक मिलकर जान से मारने की नीयत से वसीरुद्दीन सिद्दीकी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल वसीरुद्दीन सिद्दीकी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
तलाक का केस और जान से मारने की धमकी
प्रार्थिया सादिया शारीन सिद्दीकी ने पुलिस को दी अपनी रिपोर्ट में बताया कि उसका उसके पति नाजिम शबा के साथ अदालत में तलाक का केस चल रहा है। पूर्व में भी पति नाजिम शबा द्वारा केस वापस न लेने पर प्रार्थिया और उसके मायके वालों को जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। रिपोर्ट के आधार पर थाना कोतवाली अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 647/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी और नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल के नेतृत्व में थाना कोतवाली, साइबर सेल और फॉरेंसिक टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सूक्ष्म साक्ष्य जुटाए। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में कड़ी नाकाबंदी और सीमावर्ती रास्तों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
5 लाख में तय हुआ था सौदा, पलामू से बुलाए गए थे शूटर
पुलिस ने संदेह के आधार पर नामजद आरोपी नाजिम शबा को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। पूछताछ और मेमोरेंडम कथन में उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने अपने ससुर वसीरुद्दीन सिद्दीकी की हत्या कराने के लिए 5 लाख रुपये में सौदा तय किया था। इसके लिए उसने चैनपुर (पलामू, झारखंड) से कंचन कुमार एवं अन्य आरोपियों को अंबिकापुर बुलाया।
अंबिकापुर पहुंचने पर तकिया निवासी नेजारूउद्दीन के अजिरमा स्थित किराए के कमरे में सभी ने रुककर हत्या का पूरा प्लान बनाया। योजना के मुताबिक घटना के दिन कंचन कुमार और उसके 02 अन्य साथी एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर पीड़ित के घर पहुंचे और वारदात को अंजाम दिया।
तकनीकी संसाधनों से पकड़े गए आरोपी
घटनास्थल से मिले तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कंचन कुमार को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर घटना स्थल के पास छिपाकर रखी गई टीवीएस मोटरसाइकिल, वारदात के समय पहने गए खून से सने कपड़े और बस टिकट जब्त किए गए। इसके बाद वारदात की साजिश में शामिल तीसरे आरोपी नेजारूउद्दीन को भी हिरासत में लिया गया, जिसने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पीड़ित की मृत्यु होने के बाद प्रकरण में बीएनएस की हत्या से संबंधित धारा 103(1) जोड़ी गई। साथ ही आपराधिक षड्यंत्र रचने व साक्ष्य छिपाने के आरोप में धारा 61(2) और 238 बीएनएस बढ़ाई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
नाजिम शबा (उम्र 30 वर्ष) – निवासी तकिया सरनापारा, रनपुर खुर्द, थाना अंबिकापुर (मुख्य साजिशकर्ता/दामाद)
कंचन कुमार (उम्र 28 वर्ष) – निवासी किनी इंद्रानगर, थाना चैनपुर, जिला पलामू, झारखंड (शूटर)
नेजारूउद्दीन उर्फ गुड्डू (उम्र 32 वर्ष) – निवासी तकिया पानी टंकी, रनपुर, अंबिकापुर (साजिशकर्ता व मददगार)
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को अदालत के समक्ष पेश कर दिया है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है और पुलिस का दावा है कि उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक अदीप प्रताप सिंह, विवेक पांडेय, प्रधान आरक्षक सुरजीत कोरी, सतीश सिंह, आरक्षक विवेक राय, नितिन सिन्हा, नगर सैनिक दशरथ राजवाड़े तथा साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक जयदीप सिंह, विकास सिन्हा, आरक्षक जितेश साहू, अशोक यादव, रमेश राजवाड़े, अमन पुरी और राहुल केरकेट्टा की सराहनीय व सक्रिय भूमिका रही।
अंबिकापुर पारिवारिक विवाद में ससुर की चाकू मारकर हत्या, 5 लाख में दी गई थी सुपारी; दामाद समेत 3 आरोपी गिरफ्तार
Leave a comment
Leave a comment

