अम्बिकापुर : जिला पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना गांधीनगर पुलिस की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर झारखंड के पलामू जिले से आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम धनगवां का है। यहाँ की निवासी सहोद्री सिंह ने पिछले वर्ष 19 सितंबर 2025 को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने इस मामले में मर्ग क्रमांक 89/25 दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान मृतिका के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स और परिजनों के बयानों से एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
चरित्र पर संदेह और गाली-गलौज बनी वजह
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि सहोद्री सिंह का प्रेम संबंध गुलाम रसूल (पिता अजिमुद्दीन अंसारी, उम्र 22 वर्ष) निवासी रूदीडीह, जिला पलामू (झारखंड) के साथ था। घटना के दिन 19 सितंबर को गुलाम रसूल ने सहोद्री को कई बार फोन किया था।
बातचीत के दौरान आरोपी ने सहोद्री के चरित्र पर शंका व्यक्त की और किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का आरोप लगाते हुए जमकर गाली-गलौज की। आरोपी ने मृतिका के सम्मान के विपरीत अपशब्द कहे, जिससे वह मानसिक रूप से बुरी तरह टूट गई। फोन कटने के तुरंत बाद क्षुब्ध होकर सहोद्री ने आत्मघाती कदम उठा लिया और फांसी लगा ली।
बीएनएस की धारा 108 के तहत मामला दर्ज
जांच में मिले तकनीकी साक्ष्यों और प्रताड़ना की पुष्टि होने के बाद, गांधीनगर पुलिस ने आरोपी गुलाम रसूल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या का दुष्प्रेरण) के तहत अपराध क्रमांक 211/26 पंजीबद्ध किया।
पुलिस की कार्यवाही और गिरफ्तारी
विवेचना के दौरान थाना प्रभारी प्रवीण द्विवेदी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी गुलाम रसूल को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
कार्यवाही में शामिल टीम:
इस सफल कार्यवाही में गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण द्विवेदी, सहायक उप निरीक्षक धनंजय पाठक, आरक्षक घनश्याम देवांगन, सुल्तान अहमद, कसमुद्दीन अंसारी, जानकी राजवाड़े और गीता प्रसाद की मुख्य भूमिका रही।
चरित्र शंका और प्रताड़ना से तंग आकर युवती ने दी जान; पुलिस ने झारखंड से आरोपी प्रेमी को दबोचा
Leave a comment
Leave a comment

