बलरामपुर : जिला पुलिस ने चोरी के एक गंभीर मामले को सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के पास से चोरी की गई मोटरसाइकिल, नगदी और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि चोरी करने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं बल्कि प्रार्थी का सगा रिश्तेदार ही निकला।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, जमापारा (लुंड्रा) निवासी भगवान सिंह ने राजपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके घर में उनका रिश्तेदार भोला राम जनवरी 2026 से काम कर रहा था। 21 अप्रैल की रात जब पूरा परिवार सो रहा था, तभी मौका पाकर आरोपी ने घर के अंदर खड़ी मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 30U 6989), 70,000 रुपये नगद और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन पार कर दिया। सुबह जब पुत्र उठा तो घर का दरवाजा खुला देख चोरी का खुलासा हुआ।
पुलिस की घेराबंदी और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना राजपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 92/2026, धारा 331(4) और 305(1) BNS के तहत मामला दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस को भोला राम पर शक हुआ। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया।
शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन कड़ी पूछताछ के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी के बताए ठिकाने से पुलिस ने चोरी की गई मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद कर लिया है।
टीम की सफलता
आरोपी भोला राम (उम्र 23 वर्ष) को गिरफ्तार कर 27 अप्रैल 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना राजपुर की टीम से अशोक तिर्की (सउनि), राजेंद्र ध्रुव (प्रधान आरक्षक), सुखराम कुजूर (आरक्षक) और खुशवंत गुप्ता (सैनिक) की मुख्य भूमिका रही।
राजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: घर के भेदी ने ही की थी लाखों की चोरी, आरोपी गिरफ्तार
Leave a comment
Leave a comment

