अम्बिकापुर : सरगुजा सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस लगातार सख्त रुख अपना रही है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में यातायात पुलिस टीम ने ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर तीन वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की है। शराब के नशे में गाड़ी चलाते पकड़े गए इन तीनों चालकों को माननीय न्यायालय ने कुल 30,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।
ब्रेथ एनालाइजर जांच में हुई पुष्टि
यातायात पुलिस टीम द्वारा चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध वाहनों को रोककर जांच की गई। ब्रेथ एनालाइजर से टेस्ट करने पर तीन वाहन चालक शराब के नशे में धुत पाए गए:
पहला मामला: कार (क्रमांक CG 15 EE 5646) के चालक अमिताभ पन्ना (26 वर्ष, निवासी सलयाडीह, थाना बतौली) को रोककर जांच की गई, जो नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए।
दूसरा मामला: कार (क्रमांक JH 01 BF 5109) के चालक विशाल (24 वर्ष, निवासी सुर, थाना सीतापुर) को चेकिंग के दौरान रोका गया, जिनकी सांसों में ब्रेथ एनालाइजर द्वारा शराब की पुष्टि हुई।
तीसरा मामला: स्कूटी (क्रमांक CG 15 EH 8601) के चालक मुकेश मिंज (31 वर्ष, निवासी गंगापुर, थाना गांधीनगर) को भी शराब के नशे में वाहन चलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
धारा 185 के तहत कोर्ट में पेशी, ₹10,000 प्रति चालक जुर्माना
शराब पीकर वाहन चलाने और आम नागरिकों की जान जोखिम में डालने के अपराध में पुलिस ने तीनों अनावेदक चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद मामलों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
मामले की सुनवाई करते हुए न्यायालय ने यातायात नियमों की अवहेलना को गंभीर मानते हुए तीनों चालकों पर 10,000-10,000 रुपये का जुर्माना लगाया। इस प्रकार तीनों मामलों में कुल 30,000 रुपये का अर्थदंड वसूल किया गया।
सख्त कार्रवाई रहेगी जारी
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क हादसों को रोकने के लिए नशे में वाहन चलाने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा। इस पूरी कार्रवाई में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त और पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
सरगुजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ड्रंक एंड ड्राइव के 3 मामलों में कोर्ट ने ठोका ₹30,000 का जुर्माना
Leave a comment
Leave a comment

