
अंबिकापुर : सरगुजा पुलिस ने जिले में सामुदायिक पुलिसिंग और जन-जागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। पुलिस प्रशासन द्वारा युवाओं और जागरूक नागरिकों को पुलिस के साथ सीधे जोड़ने के उद्देश्य से एक विशेष चयन प्रक्रिया आयोजित की गई, जिसके माध्यम से 18 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। ये चयनित स्वयंसेवक अब ‘पुलिस मितान’ और ‘साइबर वॉलंटियर्स’ के रूप में जिले भर में सुरक्षा और जागरूकता का अलख जगाएंगे।
साक्षात्कार के आधार पर हुआ चयन
पुलिस विभाग को प्राप्त हुए सैकड़ों आवेदनों में से गहन परीक्षण के बाद योग्य उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था। इस दौरान अभ्यर्थियों की संवाद क्षमता, सामाजिक कार्यों के प्रति उनकी रुचि, नेतृत्व क्षमता और उनकी सोच का बारीकी से मूल्यांकन किया गया। चयन प्रक्रिया में भार्गवी द्विवेदी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आस्था गुप्ता दूसरे और डिंपल चौधरी तीसरे स्थान पर रहीं। अन्य 15 चयनित अभ्यर्थियों ने भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से चयन समिति को प्रभावित किया।
क्या होगी चयनित वॉलंटियर्स की भूमिका?
चयनित स्वयंसेवक पुलिस और आम जनता के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य करेंगे। ये स्वयंसेवक मुख्य रूप से निम्नलिखित क्षेत्रों में अपनी नि:शुल्क सेवाएं देंगे:
साइबर जागरूकता: बढ़ते ऑनलाइन अपराधों से नागरिकों को बचाने के लिए टिप्स देना।
महिला सुरक्षा: महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा संबंधी कानूनों के प्रति जागरूक करना।
नशा मुक्ति और यातायात: जिले को नशा मुक्त बनाने के अभियानों में शामिल होना और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करवाना।
सामुदायिक संवाद: पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल और विश्वास स्थापित करना।
2022 से जारी है सफलता का सफर
सरगुजा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के क्षेत्र में यह कार्य वर्ष 2022 से निरंतर किया जा रहा है। पूर्व में चयनित पुलिस मितान और साइबर वॉलंटियर्स ने स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए हैं, जिसका सकारात्मक प्रभाव समाज में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
इनकी रही मुख्य भूमिका
पूरी चयन प्रक्रिया नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इस प्रक्रिया को सफल बनाने में अनुज जायसवाल, अमन पुरी, संजय गुप्ता (व्याख्याता) और महिला थाना स्टाफ का विशेष योगदान रहा। इसके अतिरिक्त, पुराने साइबर वॉलंटियर और पुलिस मितान अतुल गुप्ता, विक्की गुप्ता, बसंत श्रीवास्तव, अनमोल बारी और श्रेयांश तिवारी ने भी इस कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।