October 11, 2026
IMG-20260515-WA0018.jpg

बलरामपुर : जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के थाना रघुनाथनगर पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी को महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने साप्ताहिक बाजार से लौट रहे व्यक्ति की कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने वाले आरोपी को जनकपुर के जंगलों से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने चरित्र पर शंका के चलते इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया था।
बाजार से लौटते समय किया था हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बगईनार निवासी राम प्रसाद सिंह 13 मई 2026 को जनकपुर साप्ताहिक बाजार में सब्जी बेचने गए थे। रात करीब 9 से 10 बजे के बीच जब वे मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहे थे, तभी जनकपुर निवासी बंधू सिंह आयाम ने उन पर पीछे से टांगी (कुल्हाड़ी) से हमला कर दिया। वार इतना घातक था कि राम प्रसाद लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
इलाज के दौरान हुई मौत
प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल घटना की सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद घायल राम प्रसाद को गंभीर हालत में उपचार के लिए अंबिकापुर भेजा गया। वहां इलाज के दौरान 14 मई को उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद मृतक के भाई ने थाना रघुनाथनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 53/26 के तहत धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जंगल में छिपा था आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए रघुनाथनगर पुलिस और FSL की टीम ने मौके का मुआयना किया। आरोपी की तलाश के लिए जाल बिछाया गया और आज 15 मई को घेराबंदी कर आरोपी बंधू सिंह आयाम को जनकपुर के जंगल से पकड़ लिया गया।
हत्या की वजह: पत्नी पर शक
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी बंधू सिंह ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शंका थी, जिसके चलते उसने राम प्रसाद सिंह की हत्या की योजना बनाई थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों में फेंकी गई खून से सनी टांगी भी बरामद कर ली है।
भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय वाड्रफनगर में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जेल वारंट जारी कर रामानुजगंज जेल भेज दिया गया है। इस त्वरित कार्रवाई में थाना रघुनाथनगर पुलिस की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News