सूरजपुर : झिलमिली थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाते हुए पुलिस ने एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 1 विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) सहित कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी की गई दो मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल, एयर बड्स, दो पानी की टंकी और घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड जब्त की गई है। जब्त किए गए पूरे सामान की कुल कीमत लगभग 4,15,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस कप्तान के निर्देश पर बनी विशेष टीम
क्षेत्र में लगातार चोरी की शिकायतें मिलने के बाद सूरजपुर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर थाना प्रभारी झिलमिली को जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और SDOP ओडगी राजेन्द्र मण्डावी के मार्गदर्शन में झिलमिली पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया। पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले संदिग्धों की जांच और घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को सफलता मिली।
सुलझाए गए 4 मामलों का विस्तृत ब्योरा:
मोबाइल दुकान में चोरी: 25 जून 2026 को करकोटी निवासी ऋषभ पाण्डेय ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 जून की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान का शटर तोड़कर 6 मोबाइल, चार्जर, एयर बड्स और 3,000 रुपये नगद चुरा लिए हैं। इस मामले में पुलिस ने आरोपी छोटू अगरिया (19 वर्ष, बड़कापारा), शेखर साहू (21 वर्ष, सूरजपुर) और 1 नाबालिग को पकड़ा। इनके पास से 5 मोबाइल, 1 एयर बड्स और चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिसकी कुल कीमत करीब 3,50,000 रुपये है।
साप्ताहिक बाजार से मोटरसाइकिल चोरी: 1 अगस्त 2026 को ओडगी निवासी कवल प्रसाद चेरवा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 जुलाई को भैयाथान साप्ताहिक बाजार से उनकी प्लेटिना बाइक (CG 15 DH 8410) चोरी हो गई है। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी शिवा देवांगन (21 वर्ष, बड़कापारा सूरजपुर) को गिरफ्तार कर उसके पास से 50,000 रुपये कीमत की चोरी की प्लेटिना बाइक जब्त की।
24 घंटे के भीतर सुलझी प्राथमिक शाला से टंकी चोरी: 1 अगस्त 2026 को प्राथमिक शाला उपरपारा केवरा की प्रधान पाठक विनिता कुशवाहा ने शिकायत दर्ज कराई कि 31 जुलाई की रात स्कूल के अतिरिक्त कक्ष की छत से शासकीय पानी की टंकी चोरी हो गई है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के अंदर आरोपी लल्ला कोल (40 वर्ष, केवरा) को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से 15,000 रुपये कीमत की 2 पानी की टंकियां बरामद कीं।
बसदेई चौकी का बाइक चोरी मामला: 25 मई 2026 को सुंदरपुर निवासी विष्णु प्रताप ने बसदेई चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 मई की शाम साप्ताहिक बाजार से उनकी पल्सर NS बाइक (CG 16 CS 2138) चोरी हो गई है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी प्रद्युम्न बघेल (बड़कापारा, सूरजपुर) को गिरफ्तार कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए चौकी बसदेई पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
सराहनीय भूमिका
इस संपूर्ण कार्रवाई और मामलों का खुलासा करने में थाना प्रभारी झिलमिली सरफराज फिरदौसी, ASI संजय सिंह यादव, प्रधान आरक्षक राहुल गुप्ता, महेंद्र सिंह, महेंद्र यादव, पिंगल मिंज, करन सिंह नेताम तथा आरक्षक कमलेश मानिकपुरी, ताराचंद यादव और अमरधन की विशेष एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही।