October 11, 2026
IMG-20260510-WA0000.jpg

सूरजपुर : जिले के चौकी चेन्द्रा अंतर्गत ग्राम चन्द्रमेढ़ा में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई और भाभी ने मिलकर अपने ही भाई पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चन्द्रमेढ़ा निवासी मृतक महेन्द्र टोप्पो (50 वर्ष) का अपने बड़े भाई धर्मदेव टोप्पो के साथ जमीन के हिस्से को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बीते 17 अप्रैल 2026 को यह विवाद इतना बढ़ गया कि धर्मदेव और उसकी पत्नी सुषमा ने महेन्द्र पर ईंटों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में महेन्द्र के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के बाद घायल महेन्द्र को तत्काल सीएचसी भैयाथान ले जाया गया, जहाँ से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल और फिर अम्बिकापुर के संकल्प अस्पताल रेफर किया गया। करीब 20 दिनों तक मौत से जंग लड़ने के बाद, जब उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो परिजन उन्हें घर ले आए। बीते 8 मई 2026 की सुबह महेन्द्र ने दम तोड़ दिया।
पुलिस की कार्रवाई और धाराएं
शुरुआत में पुलिस ने प्रार्थी कलेश्वर टोप्पो की रिपोर्ट पर मारपीट (BNS की धारा 296, 115(2), 351(2)) के तहत मामला दर्ज किया था। लेकिन मृत्यु के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने इसे ‘हत्यात्मक प्रकृति’ का मामला बताया।
डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के कड़े निर्देश के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा 103(1) व 3(5) BNS जोड़ते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
आरोपी गिरफ्तार, वारदात कबूली
चौकी प्रभारी केश्वर मरावी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी धर्मदेव टोप्पो (60 वर्ष) और उसकी पत्नी सुषमा स्वराज टोप्पो (43 वर्ष) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट भी बरामद कर ली है।
पुलिस टीम: इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक राजकुमार सिंह, लालमन राजवाड़े, आरक्षक कमलेश्वर सिंह, दीपक खलखो, मनोज जायसवाल, जगत पैंकरा और महिला आरक्षक आशा लकड़ा सक्रिय रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News