सूरजपुर : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश के किसानों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। योजना की 23वीं किस्त की राशि का ऑनलाइन हस्तांतरण शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया। पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर (हुगली) में आयोजित एक विशाल किसान सम्मेलन से प्रधानमंत्री ने देश भर के पात्र किसानों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से राशि ट्रांसफर की। इस देशव्यापी कार्यक्रम के तहत जहां देश के 9.44 लाख किसानों के खातों में लगभग 18,880 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि भेजी गई, वहीं छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के 1,00,203 किसानों के बैंक खातों में भी कुल 20.04 करोड़ रुपये की राशि सीधे पहुंच गई है।
कृषि कार्यों को मिलेगा संबल, किसानों में हर्ष
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (पीएम-किसान) के अंतर्गत पंजीकृत किसानों को केंद्र सरकार द्वारा प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि हर चार महीने के अंतराल पर 2,000-2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में (डीबीटी के माध्यम से) भेजी जाती है। खरीफ सीजन की शुरुआत के ठीक पहले मिली इस राशि से सूरजपुर जिले के किसानों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। किसानों का कहना है कि इस राशि का उपयोग वे कृषि आदान सामग्री जैसे उन्नत बीज, खाद, कीटनाशक और खेती से जुड़े अन्य जरूरी कार्यों के लिए करेंगे, जिससे उन्हें साहूकारों या कर्ज पर निर्भर नहीं होना पड़ेगा।
विकासखंडों में हुआ सीधा प्रसारण, “पीएम किसान उत्सव दिवस” का आयोजन
राशि अंतरण के इस ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण अवसर को जिले में एक उत्सव के रूप में मनाया गया। जिले के सभी छह विकासखंडों में ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ का आयोजन किया गया, ताकि अधिक से अधिक किसानों को इस योजना और इसके लाभों के प्रति जागरूक किया जा सके।
जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम: जिला स्तरीय मुख्य किसान सम्मेलन का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र अजिरमा, अम्बिकापुर में किया गया। यह कार्यक्रम जिला सरगुजा, सूरजपुर और कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि गरिमामयी रूप से उपस्थित रहे।
ब्लॉक और पंचायत स्तर पर लाइव स्क्रीनिंग: सूरजपुर जिले के सभी छह विकासखंडों में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के कार्यालयों में प्रोजेक्टर और लैपटॉप के माध्यम से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) दिखाया गया। प्रत्येक विकासखंड स्तर पर लगभग 50 से 60 किसान और ग्राम पंचायत व सहकारी समिति स्तर पर 30 से 40 किसान इस सीधे प्रसारण के गवाह बने।
प्रशासनिक टीम की मुस्तैदी से कार्यक्रम हुआ सफल
सूरजपुर जिले में ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ का यह वृहद आयोजन उप संचालक कृषि संपदा पैकरा के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस पूरे आयोजन को सुचारू रूप से चलाने और किसानों तक लाभ पहुंचाने में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने विशेष योगदान दिया।
इस सफल क्रियान्वयन में सहायक संचालक कृषि संदीप सिन्हा, सहायक संचालक कृषि रोशन कुमार ओगरे, सहायक संचालक कृषि आर.एल. भारिया, मिट्टी परीक्षण अधिकारी तेजराम बंजारा, सहायक कृषि विकास अधिकारी धीरेन्द्र प्रताप कुशवाहा और एकाउंटेंट कम क्लर्क अभय कुमार ओझा की सक्रिय भूमिका रही। इसके साथ ही विकासखंड स्तर पर वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारियों और ग्रामीण स्तर पर तैनात ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों ने भी क्षेत्र में किसानों को इस उत्सव से जोड़ने के लिए जमीनी स्तर पर विशेष सहयोग प्रदान किया।