October 11, 2026
IMG-20260514-WA0033.jpg

अम्बिकापुर सरगुजा : जिला पुलिस ने ऑटो चालक के साथ हुई डकैती के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सक्रियता दिखाई और घटना के महज 24 घंटे के भीतर उत्तर प्रदेश के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों ने कट्टे की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
शादी समारोह से लौट रहे चालक को बनाया निशाना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी धर्मेंद्र यादव (निवासी कल्याणपुर, जिला सूरजपुर) 12 मई 2026 की रात करीब 12:00 बजे कोलडीहा में एक शादी समारोह से अपना ऑटो लेकर घर लौट रहा था। रात करीब 12:40 बजे जब वह ग्राम घंधरी गेरवानी नाला के पास पहुंचा, तभी पीछे से तीन पल्सर मोटरसाइकिलों पर सवार होकर 10-12 युवक आए। उन युवकों ने ऑटो के सामने अपनी गाड़ियां अड़ाकर उसे जबरन रोक लिया।
आरोपियों ने जेब से गन (कट्टा) निकालकर धर्मेंद्र यादव को जान से मारने की धमकी दी और उससे ‘एकवा’ कंपनी का मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी सकालो की तरफ फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज से खुले राज
धर्मेंद्र यादव की रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 274/2026, धारा 126(2), 310(2) बी.एन.एस. एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने साइबर सेल अम्बिकापुर और थाना गांधीनगर की एक संयुक्त टीम गठित की।
पुलिस टीम ने घटना स्थल के पास रहने वाले लोगों से पूछताछ की और प्रतापपुर-अम्बिकापुर मार्ग पर लगे कई सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के बारीक अवलोकन के दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर भागते हुए दिखाई दिए। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने वैभव मिश्रा और लवकुश कुमार की पहचान की।
आरोपियों की गिरफ्तारी और पूछताछ
पुलिस ने घेराबंदी कर राजा गैस गोदाम के पास से दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पकड़े गए आरोपियों का विवरण इस प्रकार है:
वैभव मिश्रा (20 वर्ष), पिता ज्ञान प्रकाश मिश्रा, निवासी पुरेचेरे गुड़वार, जिला सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश)।
लवकुश कुमार (24 वर्ष), पिता बंसीराम, निवासी कुड़वार, जिला सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश)।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने लूट की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश कर रही है।
इनकी रही मुख्य भूमिका
इस त्वरित कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश खलखो, थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी, प्रभारी साइबर सेल अम्बिकापुर, सहायक उप निरीक्षक अजीत कुमार मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, जयदीप सिंह, आरक्षक मनीष सिंह, रमेश रजवाड़े, विकाश मिश्रा, रमन मण्डल, राहुल सिंह और उमा शंकर साहू की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News