रिपोर्टर :- रिजवान खान
मां महामाया मंदिर और पहाड़ी मंदिर परिसर में सुबह से लगा रहा श्रद्धालुओं का तांता, वृक्ष की परिक्रमा कर सुनी कथा और नीचे बैठकर किया भोजन
रामानुजगंज: आंवला नवमी के पावन अवसर पर बुधवार को रामानुजगंज नगर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही आंवले के वृक्षों के नीचे पूजा-अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। नगर के वार्ड क्रमांक 9 स्थित मां महामाया मंदिर परिसर एवं पहाड़ी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आंवले के वृक्ष की पूजा करने पहुंचे।
इस अवसर पर महिलाओं सहित अन्य श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से आंवले के वृक्ष की पूजा-अर्चना की। इसके बाद वृक्ष की परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं ने आंवले के वृक्ष के नीचे बैठकर धार्मिक कथा का श्रवण किया तथा पूजा-अर्चना के पश्चात वहीं भोजन ग्रहण किया। इस दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। नगर के विभिन्न स्थानों पर स्थित आंवले के वृक्षों के नीचे भी बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए और परंपरानुसार पूजा-अर्चना की।
धार्मिक महत्व
मां महामाया मंदिर के पुजारी जितेंद्र पांडे एवं पहाड़ी मंदिर के पुजारी पवन पांडे ने आंवला नवमी के धार्मिक महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि इस दिन आंवले के वृक्ष की पूजा-अर्चना करने की विशेष धार्मिक मान्यता है। श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा कर वृक्ष की परिक्रमा करते हैं, कथा सुनते हैं और वृक्ष के नीचे बैठकर भोजन ग्रहण करते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार ऐसा करने से परिवार में सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि बनी रहती है।
आंवला नवमी के अवसर पर पूरे नगर में सुबह से ही धार्मिक उत्साह और आस्था का वातावरण बना रहा।
Disclaimer
वेब पोर्टल पर लगी सभी खबरों (फोटो, वीडियो, ऑडियो, कंटेंट) की पूर्ण जिम्मेदारी खबर भेजने वाले संवाददाता की ही होगी। संवाददाता की खबर से जुड़ी किसी भी प्रकार की वैधानिक कार्यवाही हेतु संवाददाता ही जिम्मेदार होंगे। अतः खबर की सत्यता की जांच करने के पश्चात ही खबर भेजें। वेब पोर्टल के प्रधान संपादक व संपादक इस हेतु जिम्मेदार नहीं होंगे।
संपादक: मोहम्मद गयासुद्दीन 7089858854
सह संपादक: निजामुद्दीन खान 9977896417
