सरगुजा में अवैध बिजली तार से खेत में फैलाया करंट, युवक की मौत; आरोपी गिरफ्तार

Deshkibaat24
3 Min Read

अंबिकापुर  : सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत बासाझाल गांव में जंगली जानवरों के शिकार के लिए बिछाए गए अवैध बिजली तार की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बतौली पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मामले के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त तार जब्त कर आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है।
लकड़ी लेने गए युवक की करंट लगने से मौत
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बासाझाल निवासी राम कैलाश ने बतौली थाने में सूचना दर्ज कराई कि उसका भाई रामकृष्णा कोरवा अपने साथियों के साथ बाड़ी की सफाई का काम कर रहा था। सफाई के दौरान कटे हुए झाड़ियों को हटाने के लिए वह लकड़ी का गेंड़ा लेने पास में स्थित मनबहाल कोरवा के मक्के के खेत के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान खेत के किनारे बिछाए गए अवैध बिजली तार के संपर्क में आने से उसे भीषण करंट लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूअर के शिकार के लिए फैलाया था नंगा तार
जांच में सामने आया कि आरोपी मनबहाल राम ने अपने घर से अवैध बिजली कनेक्शन लिया था। उसने बाड़ी में लगी मक्के की फसल को बचाने और जंगली सूअर के शिकार के उद्देश्य से खेत के चारों ओर नंगा जी.आई. तार बिछा रखा था। आरोपी यह भली-भांति जानता था कि इस तरह खुले और असुरक्षित तार में बह रहे करंट से किसी भी व्यक्ति की जान जा सकती है, फिर भी उसने यह लापरवाही भरा कदम उठाया।
पुलिस की कार्यवाही और गिरफ्तारी
सूचना मिलते ही बतौली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपी मनबहाल राम (पिता कमंडल, उम्र 44 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त बिजली तार को जब्त कर लिया गया है।
बतौली पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या और विद्युत अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरी कार्यवाही में बतौली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर, आरक्षक राकेश एक्का, वीरेंद्र बंजारे, राजेश खलखो और जोगी बड़ा सहित अन्य पुलिसकर्मियों की मुख्य भूमिका रही।

Share This Article
Leave a comment