सरगुजा में अवैध मवेशी तस्करी का पर्दाफाश: 5 तस्कर गिरफ्तार, 2 पिकअप वाहन और 8 मवेशियों समेत 12 लाख का माल जब्त

Deshkibaat24
4 Min Read


अंबिकापुर/लखनपुर : सरगुजा जिले के थाना लखनपुर अंतर्गत पुलिस टीम ने अवैध पशु तस्करी के खिलाफ एक बड़ी और सख्त वैधानिक कार्रवाई की है। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए 5 मवेशी तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 पिकअप वाहनों में क्रूरतापूर्वक भरे गए कुल 8 मवेशियों (भैंस) को जब्त किया गया है। जब्त किए गए कुल मशरूके की अनुमानित कीमत लगभग 12 लाख रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की त्वरित घेराबंदी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखनपुर पुलिस टीम को मुखबिर के जरिए गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम चैनपुर काजूबाड़ी के पास 2 पिकअप वाहनों में कुछ व्यक्ति अवैध रूप से मवेशियों (भैंस) को बूचड़खाने ले जाने के उद्देश्य से जबरन लोड कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की।
घेराबंदी के दौरान मौके पर दो पिकअप वाहन पाए गए। जब पुलिस टीम ने वाहनों की जांच की तो पिकअप नंबर UP 25 KT 0155 में 4 मवेशी और दूसरे पिकअप नंबर UP 25 JT 4974 में 4 मवेशी बेहद क्रूरतापूर्वक बंधे हुए मिले।
पूछताछ में तस्करों ने उगला सच, वैध दस्तावेज गायब
पुलिस द्वारा वाहनों में सवार व्यक्तियों से मवेशी परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज एवं अनुमति पत्र की मांग की गई, लेकिन आरोपी कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अवैध रूप से मवेशियों को बूचड़खाने ले जाने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस हिरासत में लिए गए गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
सूरज सारथी (उम्र 32 वर्ष), साकिन चैनपुर टिकरापारा, जिला सरगुजा (छत्तीसगढ़)
नितिश राणा (उम्र 25 वर्ष), साकिन सिकलापुर, थाना कोतवाली पुराना रोडवेज, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश)
जमीन उर्फ जमीर अंसारी (उम्र 42 वर्ष), मूल निवासी भूपतपुर, थाना निदौहली कला, जिला एटा (उत्तर प्रदेश) / हाल निवासी राजधानी पेट्रोल पंप के पास, अम्बिकापुर
मो. आयुब (उम्र 45 वर्ष), निवासी ग्राम खैरी, थाना बिल्सी, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश)
मो. जुनैद (उम्र 18 वर्ष 06 माह), निवासी ग्राम खैरी, थाना बिल्सी, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश)
दम घुटने से 2 मवेशियों की मौत, गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
तस्करों द्वारा मवेशियों को पिकअप में अत्यधिक ठूंस-ठूंस कर भरे जाने के कारण 2 मवेशियों (भैंस) की दम घुटने से मौत हो चुकी थी, जबकि शेष 6 मवेशी जिंदा पाए गए। मृत मवेशियों का खंड पशु चिकित्सक लखनपुर से पोस्टमार्टम कराया गया, वहीं जीवित 6 मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है।
लखनपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत अपराध क्रमांक 234/26 दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दोनों पिकअप वाहनों को भी जब्त कर लिया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लखनपुर उपनिरीक्षक संपत पोटाई, सहायक उपनिरीक्षक मनीष तिवारी, प्रधान आरक्षक सतीश सिंह, पीतांबर सिंह, आरक्षक दशरथ राजवाड़े, आशीष चौहान, चित्रसेन प्रधान, कुश कुमार सोनी, सुरेश गुप्ता, राजेंद्र लकड़ा और नमिष सिंह की सराहनीय व सक्रिय भूमिका रही।

Share This Article
Leave a comment