
सूरजपुर: जिले में ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए सूरजपुर पुलिस ने निरीक्षण अभियान चलाया है। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भापुसे) के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना-चौकी क्षेत्रों की ज्वेलरी दुकानों में पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया गया।

जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर को पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की ज्वेलरी दुकानों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, उनके चालू रहने और रिकॉर्डिंग के बैकअप स्टोरेज की जांच की। पुलिस ने दुकान संचालकों को प्रवेश व निकास द्वार के साथ-साथ दुकान के अंदर और बाहर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने, उन्हें हमेशा चालू रखने तथा रिकॉर्डिंग का बैकअप सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान दुकान में काम करने वाले सभी कर्मचारियों और अन्य कर्मियों का अनिवार्य रूप से पुलिस वेरिफिकेशन कराने को कहा गया, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति की समय रहते पहचान की जा सके। साथ ही दुकानों में पुलिस कंट्रोल रूम, संबंधित थाने और क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों के संपर्क नंबर स्पष्ट रूप से चस्पा करने की हिदायत दी गई, जिससे आपात स्थिति में तुरंत सूचना दी जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने व्यवसायियों को समझाइश दी कि दुकान में किसी संदिग्ध व्यक्ति के आने, आसपास रेकी करने या असामान्य गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें और स्वयं भी सतर्क रहें। सूरजपुर पुलिस ने ज्वेलरी संचालकों से सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की है।
Disclaimer
वेब पोर्टल पर लगी सभी खबरों (फोटो, वीडियो, ऑडियो, कंटेंट) की पूर्ण जिम्मेदारी खबर भेजने वाले संवाददाता की ही होगी। संवाददाता की खबर से जुड़ी किसी भी प्रकार की वैधानिक कार्यवाही हेतु संवाददाता ही जिम्मेदार होंगे। अतः खबर की सत्यता की जांच करने के पश्चात ही खबर भेजें। वेब पोर्टल के प्रधान संपादक व संपादक इस हेतु जिम्मेदार नहीं होंगे।
संपादक: मोहम्मद गयासुद्दीन 7089858854
सह संपादक: निजामुद्दीन खान 9977896417
