
सूरजपुर, 26 नवंबर 2026: छत्तीसगढ़ के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री और सूरजपुर जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने गुरुवार को जिले के प्रवास के दौरान जयनगर एवं रामनगर धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वहां मौजूद किसानों से संवाद कर टोकन व धान बेचने में आ रही समस्याओं के बारे में पूछा। किसानों ने बताया कि उन्हें टोकन लेने और धान बेचने में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो रही है।

निरीक्षण के दौरान मंत्री बघेल ने किसानों को कृषक उन्नति योजना के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस वर्ष प्रति एकड़ निर्धारित 21 क्विंटल से कम धान बेचने की स्थिति में भी पात्र किसानों को समर्थन मूल्य की अंतर राशि प्रति एकड़ के आधार पर पूरी दी जाएगी। उन्होंने किसानों को अपना धान विक्रय खाता बिचौलियों को न देने की सलाह देते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों की उपज का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है।

कलेक्टर रेना जमील ने प्रभारी मंत्री को जिले में धान खरीदी के लिए की गई तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी उपार्जन केंद्रों में पारदर्शिता के साथ खरीदी हो रही है और किसानों के नाम व ऋण संबंधी सूची चस्पा की गई है। इसके अलावा समिति स्तर पर ही माइक्रो एटीएम के जरिए राशि आहरण की सुविधा दी जा रही है। मंत्री बघेल ने सभी केंद्रों पर कृषक उन्नति योजना के पोस्टर लगाकर इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
रामनगर केंद्र में मंत्री बघेल ने धान बेचने पहुंचीं किसान विमला देवी और रामविलास मानिकपुरी से चर्चा कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। साथ ही उन्होंने नमी मापक यंत्र से धान की नमी और तौल मशीन से बोरियों के वजन की जांच कराई। उन्होंने निर्धारित मापदंड के अनुसार बोरियों की भराई करने और हमालों की व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Disclaimer
वेब पोर्टल पर लगी सभी खबरों (फोटो, वीडियो, ऑडियो, कंटेंट) की पूर्ण जिम्मेदारी खबर भेजने वाले संवाददाता की ही होगी। संवाददाता की खबर से जुड़ी किसी भी प्रकार की वैधानिक कार्यवाही हेतु संवाददाता ही जिम्मेदार होंगे। अतः खबर की सत्यता की जांच करने के पश्चात ही खबर भेजें। वेब पोर्टल के प्रधान संपादक व संपादक इस हेतु जिम्मेदार नहीं होंगे।
संपादक: मोहम्मद गयासुद्दीन 7089858854
सह संपादक: निजामुद्दीन खान 9977896417
