अंबिकापुर, 26 नवंबर 2026: म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के बैंक खाते का इस्तेमाल साइबर अपराधों में किए जाने की पुष्टि हुई है, जिसके खिलाफ तमिलनाडु, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और राजस्थान में ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के समन्वय पोर्टल से प्राप्त सूची और पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशों के क्रम में साइबर सेल अंबिकापुर के नोडल अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जांच में पाया गया कि एचडीएफसी बैंक के संबंधित म्यूल खाते में अवैध राशि छलपूर्वक प्राप्त करने के लिए उसका षड्यंत्रपूर्वक उपयोग किया गया है और देश के चार राज्यों में इसके विरुद्ध ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हैं। इस संबंध में कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 825/2026 के तहत भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 420 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी मनोहर लाल तिग्गा पिता नाथ तिग्गा (उम्र 25 वर्ष), निवासी जराकेला तुतपारा बरगीडीह, थाना लुण्ड्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2023 में अंबिकापुर में काम की तलाश के दौरान वह अपने दोस्त के जरिए एमजी रोड स्थित स्मार्ट पॉइंट के ऊपर ‘वर्चुअल फैशन प्राइवेट लिमिटेड’ नामक कंपनी के कार्यालय गया था। वहां फॉर्म भरकर उसने फोटो, आधार कार्ड, 12वीं की अंकसूची, पैन कार्ड, एचडीएफसी बैंक खाते की प्रति और 200 रुपये शुल्क जमा किया था। जांच में सामने आया कि अधिक पैसे के लालच में आरोपी ने अपने बैंक खाते के दस्तावेज दिए थे और उसी खाते का उपयोग साइबर ठगी में किया गया।
सबूत पाए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया। इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, उप निरीक्षक सत्येंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक सदरक लकड़ा, आरक्षक हरिनाम सिंह, अनुग्रस लकड़ा, प्रवीण खलखो, राजीव एक्का और बिजेंद्र पैकरा सक्रिय रहे।
Disclaimer
वेब पोर्टल पर लगी सभी खबरों (फोटो, वीडियो, ऑडियो, कंटेंट) की पूर्ण जिम्मेदारी खबर भेजने वाले संवाददाता की ही होगी। संवाददाता की खबर से जुड़ी किसी भी प्रकार की वैधानिक कार्यवाही हेतु संवाददाता ही जिम्मेदार होंगे। अतः खबर की सत्यता की जांच करने के पश्चात ही खबर भेजें। वेब पोर्टल के प्रधान संपादक व संपादक इस हेतु जिम्मेदार नहीं होंगे।
संपादक: मोहम्मद गयासुद्दीन 7089858854
सह संपादक: निजामुद्दीन खान 9977896417
