सूरजपुर : जिले के चौकी कुदरगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भंवरखोह तेलईडांड में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सिरफिरे पति ने साथ घर वापस जाने से मना करने पर अपनी ही पत्नी पर धारदार ब्लेड से हमला कर उसका गला रेत दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होने की कोशिश में था, जिसे कुदरगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
जानिए क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भंवरखोह तेलईडांड निवासी हरदयाल सिंह ने चौकी कुदरगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी भांजी आहता अपने 7 साल के बेटे के साथ पिछले एक महीने से उनके घर पर ही रह रही थी।
6 अगस्त 2026 की सुबह करीब 9 बजे आहता का पति नकुल सिंह (उम्र 36 वर्ष, निवासी कर्री पटेलपारा) भंवरखोह पहुंचा। उसने अपनी पत्नी को वापस अपने साथ चलने के लिए कहा। जब आहता ने साथ जाने से साफ इनकार कर दिया, तो नकुल सिंह अत्यधिक क्रोधित हो गया। उसने जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी जेब से धारदार ब्लेड निकाला और आहता के गले पर प्राणघातक वार कर दिया। हमले में महिला का गला गंभीर रूप से कट गया और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी।
गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल आहता को ओढ़गी अस्पताल पहुंचाया। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सूरजपुर रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी
प्रार्थी हरदयाल सिंह की रिपोर्ट पर चौकी कुदरगढ़ में आरोपी नकुल सिंह के खिलाफ अपराध क्रमांक 55/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए। इसके बाद कुदरगढ़ पुलिस टीम और एफएसएल क्राइम यूनिट की डॉ. रसलीन कौर की उपस्थिति में पुलिस ने क्राइम सीन का मुआयना किया और मौके से साक्ष्य जुटाते हुए वारदात में इस्तेमाल धारदार ब्लेड को जब्त कर लिया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संभावित ठिकानों पर दबिश दी और आरोपी नकुल सिंह आयाम को हिरासत में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि पत्नी के साथ वापस घर जाने से मना करने पर उसने गुस्से में आकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।
इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और एसडीओपी ओढ़गी राजेंद्र मंडावी के मार्गदर्शन में कुदरगढ़ चौकी प्रभारी संजय यादव, प्रधान आरक्षक क्रांति सिंह, आरक्षक अमरेन्द्र दुबे, मिलन सिंह, आलम साय, नरसिंह यादव और अनार सिंह की विशेष भूमिका रही।
सूरजपुर में खौफनाक वारदात: पत्नी ने साथ जाने से किया इनकार तो पति ने धारदार ब्लेड से काटा गला, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
Leave a comment
Leave a comment

