सूरजपुर में अपराध समीक्षा बैठक: डीआईजी/एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने दिए लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश, शाम और रात में पैदल पेट्रोलिंग पर जोर

Deshkibaat24
4 Min Read

सूरजपुर : जिला पुलिस कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और कानून व्यवस्था की स्थिति की गहन समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय अपराध समीक्षा (क्राइम) बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता डीआईजी और एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर द्वारा की गई। बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों सहित सभी थाना और चौकी प्रभारियों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान लंबित अपराधों, आम जनता से प्राप्त शिकायतों, तकनीकी साक्ष्य संकलन और कानून व्यवस्था को और अधिक पुख्ता बनाने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए।
डीआईजी और एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने बैठक में स्पष्ट किया कि पुलिसिंग में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल तथा सीधे आम जनता से प्राप्त होने वाली शिकायतों को पूरी गंभीरता से लेने और उनका समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निवारण में पारदर्शिता और संवेदनशीलता पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि जनता का विश्वास पुलिस प्रशासन पर और अधिक मजबूत हो सके।
लंबित मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश
समीक्षा के दौरान थाना-चौकी प्रभारियों को उनके क्षेत्रों में लंबित पड़े अपराधों की विवेचना में तेजी लाने के लिए कहा गया। डीआईजी ने कड़े तेवर अपनाते हुए निर्देश दिए कि लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और मामलों का त्वरित कानूनी निराकरण किया जाए। इसके साथ ही, जिले में संचालित होने वाले किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार और गतिविधियों पर पूरी तरह से अंकुश लगाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त प्रतिबंधात्मक व बाउण्ड ओव्हर की कार्यवाही करने पर बल दिया गया।
ई-साक्ष्य प्रणाली और डिजिटल पुलिसिंग को प्राथमिकता
आधुनिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बैठक में तकनीकी पहलुओं पर विशेष चर्चा की गई। डीआईजी प्रशांत कुमार ठाकुर ने सभी प्रभारियों को निर्देश दिए कि मामलों की जांच और विवेचना के दौरान डिजिटल साक्ष्य संकलन को प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए ई-साक्ष्य प्रणाली का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने तथा सीसीटीएनएस (CCTNS) प्रणाली में सभी आवश्यक प्रविष्टियों को नियमित रूप से अपडेट करने की हिदायत दी गई। घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण और तकनीकी साक्ष्यों का प्रभावी समावेश कोर्ट में अपराधियों को सजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कृषि सीजन और शैक्षणिक सत्र को लेकर विशेष सतर्कता
आगामी जोताई-बोवाई के कृषि कार्य को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में होने वाले जमीन संबंधी विवादों पर फौरन एक्शन लेने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या विवाद को समय रहते रोका जा सके। वहीं, नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने के मद्देनजर स्कूल और कॉलेजों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने, पेट्रोलिंग बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी और सक्रिय बनाने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग और जनसंवाद कार्यक्रमों के आयोजन पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन सहित जिले के तमाम पुलिस राजपत्रित अधिकारी तथा सभी थानों एवं चौकियों के प्रभारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को आईजी सरगुजा के आगामी निरीक्षण की तैयारियों को समय से पूर्व और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Share This Article
Leave a comment