बलरामपुर : जिले के चांदो थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम नवाडीह में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ मामूली घरेलू विवाद में एक 20 वर्षीय युवक ने अपने सगे दादा पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जिले से बाहर भागने की फिराक में था, लेकिन मुस्तैद पुलिस ने घेराबंदी कर 24 घंटे के भीतर ही उसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
कामकाज के लिए टोकना पड़ा महंगा, गुस्से में की हत्या
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 7 जून 2026 की है। ग्राम नवाडीह निवासी 65 वर्षीय भुवनेश्वर केरकेट्टा अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उनका नाती अरुण केरकेट्टा (पिता: प्रेम, उम्र 20 वर्ष) वहाँ आया। भुवनेश्वर केरकेट्टा ने अपने नाती अरुण को समय पर नहाने, कपड़े धोने और कोई कामकाज नहीं करने को लेकर टोक दिया।
यह सामान्य सी डांट अरुण को इतनी नागवार गुजरी कि उसने आपा खो दिया। गुस्से में आकर उसने घर के कमरे में रखे धारदार हथियार (बसुला) को उठाया और अपने दादा भुवनेश्वर के सिर और गले पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। हमला इतना गंभीर था कि अत्यधिक खून बह जाने के कारण भुवनेश्वर केरकेट्टा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
परिजनों ने भागते हुए देखा
घटना के वक्त जब चीख-पुकार और हलचल हुई, तो घर के अन्य सदस्यों को अनहोनी की भनक लगी। भुवनेश्वर केरकेट्टा की पत्नी मुनिया केरकेट्टा (उम्र 64 वर्ष) और परिवार के अन्य लोग जब दौड़कर कमरे में पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। भुवनेश्वर लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़े थे और आरोपी अरुण केरकेट्टा वहां से भागने की कोशिश कर रहा था। परिजनों ने उसे पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन वह उन्हें चकमा देकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संयुक्त टीम ने दबोचा
इस वीभत्स हत्याकांड के बाद मुनिया केरकेट्टा ने चांदो थाना पहुंचकर मामले की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 21/2026, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बलरामपुर पुलिस अधीक्षक (SP) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) के मार्गदर्शन में एक विशेष रणनीति बनाई गई। चांदो थाना प्रभारी के साथ-साथ जिले के अन्य थानों और चौकियों को अलर्ट मोड पर रखा गया और फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें रवाना की गईं।
जिले से बाहर भागने की फिराक में था आरोपी
पुलिस की टीमें लगातार आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। इसी बीच मुखबिर से पुलिस को एक पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी अरुण केरकेट्टा राजपुर-बरियो मार्ग की ओर देखा गया है और वह पुलिस से छिपते-छिपाते जिले की सीमा से बाहर भागने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही चांदो और राजपुर थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और आरोपी को राजपुर में दबोच लिया। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने आई, जहाँ पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी विवेचना जारी है।
पारिवारिक विवाद में नाती ने दादा पर बसुला से किया हमला, मौके पर मौत; 24 घंटे के भीतर पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
Leave a comment
Leave a comment

