सूरजपुर : जिले के अंतर्गत आने वाले चौकी लटोरी क्षेत्र में सक्रिय शातिर चोरों और चोरी के सामानों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करने में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। लटोरी पुलिस ने चौबीस घंटे के भीतर लगातार दो बड़ी कार्रवाइयाँ करते हुए गिरोह के कुल 7 शातिर सदस्यों और माल खरीदने वालों को दबोचा है। पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों की निशानदेही पर कुल 5 नग कीमती समरसिबल व मोनो ब्लॉक मोटर पंप बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 50,000 रुपये आंकी गई है। गौरतलब है कि इस बड़ी सफलता के ठीक एक दिन पहले भी पुलिस ने एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक (नाबालिग) सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का पंप और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की थी।
तालाबों और खेतों से उड़ते थे कीमती पंप
प्राप्त विस्तृत विवरण के अनुसार, पिछले कुछ समय से ग्राम द्वारिकानगर और उसके आसपास के ग्रामीण इलाकों में किसानों के खेतों, बाड़ियों और तालाबों से सिंचाई के पंप गायब होने की लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल था। मामले की शुरुआत तब हुई जब ग्राम द्वारिकानगर निवासी शिवकुमार के तालाब के पास से समरसिबल पंप व स्टार्टर तथा हीराधन राजवाड़े के खेत से मोनो ब्लॉक मोटर पंप अज्ञात चोरों द्वारा पार कर दिया गया। पीड़ितों की शिकायत पर चौकी लटोरी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने कड़ा रुख अख्तियार किया। उन्होंने अपराधियों और चोरी की सामग्री सस्ते दामों में खरीदने वाले बिचौलियों पर नकेल कसने के लिए चौकी प्रभारी को कड़े और स्पष्ट निर्देश जारी किए।
पहले चरण की कार्रवाई: 06 जून को दबोचे गए 3 आरोपी
उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में लटोरी पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों को खंगालना शुरू किया। पुलिस को दिनांक 06 जून 2026 को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि कुछ संदेही चोरी का माल खपाने की फिराक में घूम रहे हैं। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए घेराबंदी की और 3 संदेहियों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपियों में:
कृष्णा पण्डो (उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम मंजीरा, चौकी लटोरी)
इंदर पण्डो (उम्र 35 वर्ष, निवासी रेवापुर, थाना दरिमा)
एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक (नाबालिग) शामिल थे।
पुलिसिया पूछताछ और कड़ाई बरतने पर इन आरोपियों ने न केवल अपना जुर्म कबूल किया, बल्कि यह भी खुलासा किया कि उनके साथ एक पूरा गिरोह काम कर रहा है जो क्षेत्र में रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता है और चोरी किए गए पंपों को स्थानीय खरीदारों को बेच देता है। पुलिस ने इनके पास से तत्काल एक पंप और घटना में इस्तेमाल की जाने वाली मोटरसाइकिल जब्त कर ली थी।
दूसरे चरण की कार्रवाई: 07 जून को 7 और आरोपी गिरफ्तार
पहले चरण के आरोपियों से मिली लीड और कड़ियों को जोड़ते हुए लटोरी पुलिस लगातार क्षेत्र में छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान दिनांक 07 जून 2026 को द्वारिकानगर निवासी प्रार्थी अनुज राजवाड़े, लटोरी भंडारपारा निवासी संतोष ठाकुर तथा मंजीरा निवासी पिताम्बर राजवाड़े ने भी अलग-अलग तिथियों में अपने-अपने खेतों और बाड़ियों से अज्ञात चोरों द्वारा पंप चोरी किए जाने की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई।
इन नई शिकायतों के आधार पर लटोरी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 317(2) और 3(5) के तहत नए मामले पंजीकृत किए। संकलित किए गए साक्ष्यों और मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने मंजीरा और उसके आसपास के फुलवारपारा व माझापारा इलाकों में दबिश दी। इस कार्रवाई में चोरी करने और चोरी का माल खरीदने के आरोप में 7 और लोगों को धर दबोचा गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम व विवरण:
तिलेश्वर प्रसाद राजवाड़े (उम्र 39 वर्ष) – निवासी मंजीरा, चौकी लटोरी
इन्द्रपाल पैकरा (उम्र 32 वर्ष, पिता बागेशर, जाति कंवर) – निवासी मंजीरा
लालमोहन चेरवा (उम्र 25 वर्ष, पिता नंदलाल चेरवा) – निवासी मंजीरा फुलवारपारा
बिवेश्वर चेरवा उर्फ दारू (उम्र 23 वर्ष, पिता किशुन राम) – निवासी मंजीरा फुलवारपारा
टेमसाय उर्फ जदु (उम्र 23 वर्ष, पिता नाकिनवन्द चेरवा) – निवासी मंजीरा फुलवारपारा
गणेश राजवाड़े (उम्र 35 वर्ष, पिता शिवलोचन राम) – निवासी मंजीरा माझापारा, चौकी लटोरी
पारस पैकरा (उम्र 31 वर्ष, पिता जनक कुमार पैकरा) – निवासी मंजीरा
लाखों की मशरूका बरामद, क्षेत्र में राहत
पकड़े गए इन सातों आरोपियों की निशानदेही और उनके पास से पुलिस टीम ने कुल 3 नग मोनोब्लॉक पंप तथा 2 नग समरसिबल पंप (कुल कीमत करीब 50,000 रुपये) विधिवत जब्त कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार, इस पूरे गिरोह के सलाखों के पीछे जाने से क्षेत्र में किसानों के कृषि उपकरणों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और भविष्य में होने वाली चोरी की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगेगा। सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कागजी कार्रवाई पूर्ण कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जहां से उन्हें जेल भेजा जाएगा।
कार्रवाई में शामिल जांबाज पुलिस टीम
इस जटिल अंधे कत्ल और चोरी की गुत्थी को सुलझाने तथा ताबड़तोड़ कार्रवाई कर आरोपियों को दबोचने में चौकी प्रभारी लटोरी अरुण कुमार गुप्ता, प्रधान आरक्षक दिलेश्वर सिंह, रामनिवास तिवारी, आरक्षक संतोष जायसवाल, विकास मिश्रा, हरिओम पाण्डेय, शोभनाथ कुशवाहा, सुनील एक्का, कैलु राजवाडे, कुन्दलाल राजवाडे, इस्तयाक, मनोज सिरदार व भोला केरकेटटा की भूमिका बेहद सराहनीय और सक्रिय रही। उच्चाधिकारियों ने पूरी टीम की पीठ थपथपाई है।
द्वारिकानगर में समरसिबल व मोटर पंप चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश; 7 चोर व खरीदार गिरफ्तार, भारी मसरूका बरामद
Leave a comment
Leave a comment

