सड़क पर खड़ी ट्रक बनी ‘डेथ ट्रैप’: एक ही स्थान पर दो मौतों के बाद वाहन स्वामी गिरफ्तार, लखनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Deshkibaat24
3 Min Read

लखनपुर _सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 130 पर पुलिस ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर सड़क पर असुरक्षित तरीके से वाहन खड़ा करने वाले आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाया है। पुलिस ने एक ऐसे ट्रक मालिक को गिरफ्तार किया है, जिसकी लापरवाही के कारण महज 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की जान चली गई।
लापरवाही की इंतहा: एक ही ट्रक से दो दिन में दो मौतें
मामले का विवरण रोंगटे खड़े कर देने वाला है। जांच में सामने आया कि ट्रक क्रमांक CG 04 PG 1900 के कारण एनएच 130 पर ग्राम रजपुरीकला के पास मौत का जाल बिछा हुआ था।
पहला हादसा: दिनांक 06 अप्रैल 2026 को इसी ट्रक से टकराकर एक व्यक्ति की मृत्यु हुई थी।
दूसरा हादसा: इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद ट्रक मालिक ने वाहन को मौके से नहीं हटाया और न ही कोई सुरक्षा संकेतक या इंडिकेटर का उपयोग किया। इसके परिणाम स्वरूप 07 अप्रैल 2026 की रात लगभग 09:30 बजे, कोरबा से अंबिकापुर आ रहे मोटरसाइकिल सवार विनय टोप्पो (निवासी ग्राम घोघर, जशपुर) अंधेरे में खड़ी ट्रक को नहीं देख पाए और पीछे से टकरा गए। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण विनय टोप्पो की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
पुलिस की जांच और कड़ी धाराएं
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के दिशा-निर्देशन में लखनपुर पुलिस ने मर्ग डायरी की गहन जांच की। पुलिस ने पाया कि वाहन स्वामी और चालक को यह भली-भांति ज्ञात था कि सड़क पर बिना किसी संकेतक के ट्रक खड़ा करना जानलेवा हो सकता है, फिर भी उन्होंने इसे हटाने की जहमत नहीं उठाई।
इसे केवल ‘दुर्घटना’ न मानते हुए, पुलिस ने इसे ‘गंभीर आपराधिक उपेक्षा’ की श्रेणी में रखा और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285, 105 और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
आरोपी की गिरफ्तारी
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी रामप्रताप यादव (पिता राजकुमार यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी नीलकंठपुर, बलरामपुर) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी लापरवाही स्वीकार की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रक को भी जप्त कर लिया है।
शेष आरोपियों की तलाश जारी
थाना प्रभारी लखनपुर सम्पत पोटाई ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी शेष है, जिन्हें शीघ्र ही पकड़ लिया जाएगा। इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक सम्पत पोटाई के साथ प्रधान आरक्षक प्रवीण चंद तिवारी, अजय पाण्डेय, आरक्षक राजेंद्र सिंह, जगेश्वर बघेल और राज जायसवाल की सक्रिय भूमिका रही।

Share This Article
Leave a comment