अंबिकापुर मर्डर मिस्ट्री: महिला की हत्या के बाद संदेही ‘पांडा’ फरार, सरगुजा पुलिस ने जारी किया अलर्ट

Deshkibaat24
3 Min Read


अंबिकापुर :शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड पर हुई एक सनसनीखेज हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए सरगुजा पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। सद्भावना चौक के पास स्थित टीटीएस फ्रेश फिश कंपनी के परिसर में एक महिला का शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी है और मुख्य संदेही की पहचान भी कर ली गई है।
मछली कंपनी के झाला में मिला शव
घटना की शुरुआत 3 अप्रैल 2026 को हुई, जब कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि रिंग रोड स्थित मछली कंपनी के एक अस्थाई ठिकाने (झाला) में एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीआईजी और एसएसपी सरगुजा, राजेश कुमार अग्रवाल खुद घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से मुआयना किया।
विशेष टीमों का गठन और जांच
राजेश कुमार अग्रवाल ने तत्काल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में कोतवाली थाना और साइबर सेल समेत कुल 4 विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस के सामने सबसे पहली चुनौती मृतिका की पहचान और हत्यारे तक पहुँचना था। सघन जांच के बाद मृतिका की पहचान सुनिश्चित की गई, जिसकी पुष्टि परिजनों ने भी कर दी है। कानूनी औपचारिकताओं के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
CCTV फुटेज से खुला राज
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। फुटेज के अवलोकन से एक महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा है। वीडियो में मृतिका एक व्यक्ति के साथ जाती हुई दिखाई दे रही है। स्थानीय इनपुट और तकनीकी जांच के आधार पर उस संदेही की पहचान पांडा उर्फ मिथुन के रूप में हुई है।
परिजनों से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि पांडा का मृतिका के साथ पहले से मेल-जोल था और वह उसके साथ आता-जाता रहता था। जांच में एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि हत्या के बाद संदेही ने रास्ते में एक अन्य घुमंतू महिला से तंबाकू मांगकर खाया था, जिससे यह संकेत मिलता है कि वह घटना के बाद भी क्षेत्र में ही मौजूद था।
आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी
संदेही पांडा घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा है। पुलिस की 4 टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जनता से सहयोग की अपील
सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। यदि किसी भी व्यक्ति को संदेही पांडा उर्फ मिथुन के बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो वे तुरंत नीचे दिए गए नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
संपर्क सूत्र:
थाना कोतवाली: 9479193508
कंट्रोल रूम अंबिकापुर: 9479193599
ब्यूरो रिपोर्ट: देश की बात 24

Share This Article
Leave a comment