
बैकुंठपुर, कोरिया पुलिस द्वारा पुलिस लाइन में एक भव्य एरोबिक्स कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देना, पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करना और नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।
वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में आयोजन
दिनांक 3 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे के दिशा-निर्देशों पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे द्वारा पुलिस लाइन बैकुंठपुर में आम नागरिकों और बच्चों के लिए इस विशेष एरोबिक्स सत्र का आयोजन कराया गया। पुलिस प्रशासन की इस पहल का मकसद खाकी के प्रति जनता के मन में विश्वास पैदा करना और एक मित्रवत वातावरण तैयार करना है।
संगीत की धुन पर थिरके बच्चे और महिलाएं
कार्यक्रम को संगीत की धुनों के साथ बेहद उत्साहजनक बनाया गया। प्रशिक्षक संजू, एस पी सरकार और लालता के नेतृत्व में प्रतिभागियों ने एरोबिक्स का आनंद लिया। खेल विभाग से सूरज कुमार भी इस दौरान उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 250 से 300 बच्चों और महिलाओं ने हिस्सा लेकर शारीरिक फिटनेस का संदेश दिया।
सरगुजा ओलंपिक का दिखा आकर्षण
आयोजन का मुख्य आकर्षण खेल विभाग से आए सरगुजा ओलंपिक के सिंबल रहे। बच्चों ने इन सिंबल्स के साथ पीटी (PT) करने में विशेष रुचि दिखाई और कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। बच्चों और महिलाओं के उत्साह को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की मांग की।
भविष्य में भी जारी रहेंगे कार्यक्रम
जनता के सकारात्मक फीडबैक पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे ने आश्वस्त किया कि पुलिस और जनता के बीच संबंधों को प्रगाढ़ करने के लिए इस प्रकार के आयोजन आने वाले समय में भी समय-समय पर किए जाते रहेंगे।

