बलरामपुर-जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में पिछले डेढ़ महीने से वैन और बर्तन चोरी के मामले की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी ने चोरी के सामान को बेचकर मिले पैसों से नया स्मार्टफोन भी खरीद लिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मनीष कुमार सोनी (निवासी बुढ़ाबगीचा, राजपुर) ने 16 फरवरी 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 15 फरवरी की रात उनके घर के बाहर खड़ी इको वैन (CG10AF-7362), जिसमें भारी मात्रा में घरेलू बर्तन लदे हुए थे, अज्ञात चोरों ने पार कर दी है। पुलिस ने धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
तकनीकी जांच से खुला राज
पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देशों के बाद पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटना के बाद से ही तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। जांच के दौरान ही 14 मार्च 2026 को चोरी गई वैन और कुछ बर्तन बलरामपुर क्षेत्र के डुमरखी रोड के किनारे लावारिस हालत में बरामद हुए थे, जिससे पुलिस को चोरों के करीब पहुंचने का सुराग मिला।
चोरी के पैसों से खरीदा मोबाइल
संदेह के आधार पर पुलिस ने कुसमी निवासी ऐनुल अंसारी को हिरासत में लिया। शुरुआती पूछताछ में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती बरतने पर उसने अपने सहयोगी के साथ मिलकर चोरी की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि उसने चोरी के बर्तनों को बेचकर मिली राशि से 14,000 रुपये का रियलमी मोबाइल खरीदा था। पुलिस ने वह मोबाइल जब्त कर लिया है और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इनकी रही मुख्य भूमिका
इस पूरी कार्यवाही को अंजाम देने में राजपुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक अशोक तिर्की, प्रधान आरक्षक राजेन्द्र ध्रुव और आरक्षक रूपेश गुप्ता की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी के फरार सहयोगी की तलाश में जुटी है।
राजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: इको वैन और बर्तन चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी की रकम से खरीदा मोबाइल जब्त
Leave a comment
Leave a comment

