बलरामपुर: स्कूल में मासूम से अमानवीयता, बोतल से पानी गिरने पर प्रधान पाठक ने बच्ची को पिलाया नाले का गंदा पानी

Deshkibaat24
3 Min Read

बलरामपुर जिले के कुसमी विकासखंड से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। ग्राम पंचायत नवाडीह कला के बरवारी पारा स्थित प्राथमिक शाला में एक मासूम बच्ची के साथ क्रूरता का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि प्रधान पाठक ने मामूली बात पर पहली कक्षा की छात्रा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गणेश प्रसाद गुप्ता ने आरोप लगाया है कि उनकी पोती आरोही गुप्ता, जो कक्षा पहली में पढ़ती है, 12 मार्च 2026 को स्कूल में पढ़ाई के दौरान अपनी बोतल से पानी पी रही थी। इसी दौरान अनजाने में थोड़ा पानी जमीन पर गिर गया।
मासूम को मिली तालिबानी सजा
आरोप है कि पानी गिरते देख प्रधान पाठक अशोक कुमार गुप्ता आगबबूला हो गए। उन्होंने मासूम बच्ची के हाथ से पानी की बोतल छीन ली और उसे स्कूल के पास स्थित एक गंदे नाले पर ले गए। वहां उन्होंने बोतल में नाले का गंदा पानी भरा और बच्ची को जबरन वह पानी पिला दिया।
इस अमानवीय कृत्य से डरी-सहमी बच्ची जब घर पहुँची, तब परिजनों को इस घटना की जानकारी हुई। परिजनों का कहना है कि इस घटना के बाद से बच्ची गहरे सदमे में है और वह मानसिक रूप से काफी डरी हुई है।
पुराना है विवादों से नाता
ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। प्रधान पाठक अशोक कुमार गुप्ता के खिलाफ पहले भी बच्चों के साथ दुर्व्यवहार और मनमानी की शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण उनके हौसले बुलंद हैं।
परिजनों की मांग और प्रशासन की चुप्पी
पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। उन्होंने आरोपी प्रधान पाठक को तुरंत पद से हटाने और निलंबित करने की मांग की है ताकि भविष्य में किसी अन्य बच्चे के साथ ऐसा व्यवहार न हो।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या शिक्षा विभाग इस गंभीर मामले में कोई सख्त कदम उठाएगा या फिर रसूख के चलते मामले को दबा दिया जाएगा?

Share This Article
Leave a comment