अम्बिकापुर/कमलेश्वरपुर: सरगुजा जिले के थाना कमलेश्वरपुर अंतर्गत बडेरा जंगल में शिकार के लिए बिछाए गए बिजली के नंगे तारों की चपेट में आने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए गैर इरादतन हत्या और बिजली चोरी के आरोप में 6 ग्रामीणों को गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, रायगढ़ निवासी जयप्रकाश यादव ने थाना कमलेश्वरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 मार्च 2026 को उनके जीजा मिश्रालाल यादव उन्हें और अन्य साथियों को जंगल घुमाने ले गए थे। जंगल में पैदल चलने के दौरान मिश्रालाल अचानक बिजली के नंगे तारों के संपर्क में आ गए। तार में प्रवाहित उच्च क्षमता के करंट के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
जांच में पाया गया कि अज्ञात शिकारियों ने बिजली के खंभे से अवैध हुकिंग कर जंगली सुअर को मारने के लिए पूरे इलाके में जाल बिछाया था।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
जयपाल तिर्की (46 वर्ष)
विश्वनाथ मांझी (37 वर्ष)
धुरसाय मांझी (35 वर्ष)
श्याम सुन्दर कुजूर (29 वर्ष)
निर्मल उर्फ गेद्दा कुजूर (57 वर्ष)
जहूर साय (66 वर्ष)
(सभी निवासी: ग्राम असकरा, थाना कमलेश्वरपुर)
शिकार की योजना बनी जानलेवा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सुअर फसाने के लिए लकड़ी की खुटी गाड़कर नंगा तार बिछाया था। धुरसाय मांझी, विश्वनाथ और श्याम सुन्दर ने खुटी लगाने का काम किया, जबकि जयपाल तिर्की, जहूर साय और निर्मल ने बांस के डंडे की मदद से बिजली के खंभे से हुकिंग कर करंट सप्लाई दी थी। रात में गांव की बिजली गुल होने और टॉर्च की रोशनी दिखने पर आरोपी पकड़े जाने के डर से भाग गए थे।
जब्ती और कानूनी धाराएं
पुलिस ने मुख्य आरोपी जयपाल तिर्की के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा और लाल रंग का बिजली का तार जब्त कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) और विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी मनोज कुमार प्रजापति, सहायक उप निरीक्षक बबलू कुजूर और वन विभाग की टीम का विशेष योगदान रहा।
सरगुजा: जंगली सुअर के लिए बिछाए करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, 6 आरोपी गिरफ्तार
Leave a comment
Leave a comment

