
अम्बिकापुर (सरगुजा): छत्तीसगढ़ की सरगुजा पुलिस ने साइबर अपराध की दुनिया में सक्रिय एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। गांधीनगर थाना पुलिस ने कार्यवाही करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो भोले-भाले युवाओं को कमीशन का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे और उन खातों (म्यूल अकाउंट्स) का उपयोग देश भर में साइबर ठगी की रकम खपाने के लिए करते थे।
भारी मात्रा में बैंकिंग दस्तावेज बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में दस्तावेज और नगदी बरामद की है, जिसमें शामिल हैं:
101 नग पासबुक
35 नग एटीएम कार्ड
28 चेकबुक
03 नग मोबाइल और 03 सिम कार्ड
01 लाख 36 हजार रुपये नगद
ऐसे चलता था गोरखधंधा
मामले का खुलासा तब हुआ जब गांधीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एसबीआई शाखा बनारस रोड के ऊपर किराए के मकान में रहने वाला राहुल गुप्ता अवैध तरीके से युवाओं को पैसे का लालच देकर उनके नाम पर सिम कार्ड और बैंक खाते खुलवा रहा है। वह इन खातों की पासबुक, एटीएम और सिम कार्ड को बाहर भेजकर साइबर अपराधियों को बेच देता था।
सूचना पर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राहुल गुप्ता के ठिकाने पर छापेमारी की। जाँच के दौरान पोर्टल के माध्यम से पता चला कि इन खातों में ऑनलाइन फ्रॉड के लाखों रुपये जमा हुए हैं।
तीन आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी राहुल गुप्ता ने अपने दो अन्य साथियों के नाम उजागर किए। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया:
राहुल गुप्ता (20 वर्ष), निवासी सोनभद्र, उत्तर प्रदेश।
विकास किर्तनिया (26 वर्ष), निवासी चठिरमा, गांधीनगर।
आशुतोष शर्मा (20 वर्ष), निवासी गोधनपुर, गांधीनगर।
आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कमीशन के चक्कर में खातों का इंतजाम करते थे और ठगी की रकम इन खातों में मंगवाकर अवैध लाभ कमाते थे। पुलिस ने इनके विरुद्ध अपराध क्रमांक 151/56 के तहत धारा 318(4), 317(4), 61(2) बी. एन. एस. (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।
इनकी रही मुख्य भूमिका
इस सफल कार्यवाही में गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण द्विवेदी, सहायक उप निरीक्षक बीरेंद्र कुजूर, महिला आरक्षक प्रिया रानी, आरक्षक अरविन्द उपाध्याय, अमृत सिंह, ऋषभ सिंह, अनुज जायसवाल, आनंद केरकेट्टा, लालदेव, जितेश साहू, अमन पुरी, विकास एक्का और शिव टोप्पो सक्रिय रहे।

