सूरजपुर। अवैध गतिविधियों और पशु तस्करी के खिलाफ सूरजपुर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्यवाही की है। डीआईजी और एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशों पर अमल करते हुए थाना चंदौरा पुलिस ने एक पिकअप वाहन से अवैध रूप से ले जाए जा रहे मवेशियों को जप्त किया है। इस मामले में उत्तर प्रदेश के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई नाकाबंदी
जानकारी के अनुसार, 16 मार्च 2026 को थाना चंदौरा पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन (क्रमांक UP 24 AT 5022) में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर अंबिकापुर की ओर से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह धुर्वे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चंदौरा चौक पर घेराबंदी कर दी।
वाहन की तलाशी में मिला मृत भैंसा
पुलिस ने संदिग्ध पिकअप को रोककर जब उसकी तलाशी ली, तो वाहन के भीतर 4 जीवित और 1 मृत भैंसा पाया गया। मवेशियों को बेहद क्रूर तरीके से बांधकर रखा गया था। वाहन में सवार व्यक्तियों से जब मवेशियों के परिवहन और बिक्री से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सके।
उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनकी पहचान इस प्रकार हुई है:
भूप सिंह (22 वर्ष), पिता भूरे सिंह, निवासी फिरोजपुर, जिला बदायूं (यूपी)।
वसीम (20 वर्ष), पिता इदरीस कुरैशी, निवासी खैरी, जिला बदायूं (यूपी)।
कानूनी कार्यवाही
पुलिस ने करीब 1.50 लाख रुपये कीमत के मवेशी और तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जप्त कर लिया है। आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1)(घ) और छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह धुर्वे, एएसआई नीलकुसुम बेक और उनकी टीम की सक्रिय भूमिका रही।
सूरजपुर: चंदौरा पुलिस की बड़ी कार्यवाही, पिकअप में क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे मवेशी जप्त; 2 तस्कर गिरफ्तार
Leave a comment
Leave a comment

