अमेरा खदान में घुसपैठ कर विवाद कर रहे 7 संदिग्ध गिरफ्तार, 6 गाड़ियां और कोयला जप्त

Deshkibaat24
3 Min Read

लखनपुर (सरगुजा): सरगुजा पुलिस ने कोयला खदान क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने और अवैध गतिविधियों को रोकने की दिशा में बड़ी कार्रवाई की है। थाना लखनपुर पुलिस ने अमेरा खदान परिसर में संदिग्ध रूप से प्रवेश करने और विवाद करने वाले 7 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में मशरूका भी बरामद किया है।
खदान स्टाफ से कर रहे थे विवाद
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह अमेरा खदान परिसर में 7 व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते पाए गए। जब वहां तैनात खदान प्रबंधन के सुरक्षा कर्मियों ने उनसे पूछताछ की, तो अनावेदक उग्र हो गए और विवाद करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख प्रबंधन ने तत्काल लखनपुर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के सामने ही देने लगे धमकी
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब स्थिति को संभालने की कोशिश की और संदिग्धों से पूछताछ की, तो वे पुलिस की मौजूदगी में ही खदान कर्मियों को जान से मारने की धमकी देने और मारपीट पर आमादा हो गए। किसी बड़ी अप्रिय घटना या संज्ञेय अपराध को रोकने के लिए पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर सातों आरोपियों को हिरासत में लिया।
लाखों का मशरूका जप्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से तस्करी के उद्देश्य से रखा गया 10 बोरी कोयला और परिवहन में प्रयुक्त 06 नग मोटरसाइकिलें जप्त की हैं। जप्त किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची:
नन्दलाल (35 वर्ष), निवासी गुमगुरा
गुलाब राजवाड़े (32 वर्ष), निवासी गणेशपुर
संजय यादव (18 वर्ष), निवासी जमगला
तेजू राजवाड़े (36 वर्ष), निवासी गणेशपुर
सतेन्द्र कुमार (40 वर्ष), निवासी मुडेसा
प्रेम कुमार (23 वर्ष), निवासी गणेशपुर
महेश्वर राम (25 वर्ष), निवासी गणेशपुर
कड़ी कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत गिरफ्तारी की है। साथ ही धारा 126 और 135(3) BNSS के तहत इस्तगासा पेश कर बाउंडओवर की कार्यवाही की गई है।
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी सम्पत पोटाई सहित उनकी टीम के एएसआई निशिकांत, प्रधान आरक्षक रवि सिंह, सुरजीत कोरी और अन्य आरक्षकों की सक्रिय भूमिका रही। सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि खदानों में अवैध प्रवेश और कोयला तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share This Article
Leave a comment