सूरजपुर में खाद-बीज वितरण पर प्रशासन सख्त, कालाबाजारी करने वालों को दी सख्त चेतावनी

Deshkibaat24
3 Min Read

सूरजपुर : आगामी कृषि सीजन को देखते हुए सूरजपुर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। जिले के किसानों को सही कीमत पर और बिना किसी परेशानी के खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर रेना जमील के सख्त निर्देशों के बाद पूरे जिले की सहकारी समितियों और निजी बीज-खाद वितरण केंद्रों पर राजस्व अमले तथा कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा निरंतर औचक निरीक्षण और सतत निगरानी रखी जा रही है।
कल्याणपुर में अधिकारियों की मौजूदगी में बंटी खाद
कृषि विभाग की उपसंचालक सम्पदा पैकरा ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासन की टीमें लगातार जमीनी स्तर पर सक्रिय हैं। इसी कड़ी में आज कल्याणपुर क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई की गई। यहाँ कृषि विस्तार अधिकारी और राजस्व निरीक्षक की सीधी मौजूदगी में एक निजी दुकान से स्थानीय किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर खाद का वितरण सुनिश्चित कराया गया। इस कदम से क्षेत्र के किसानों ने राहत की सांस ली है।
कालाबाजारी पर होगी जेल, प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी
उपसंचालक सम्पदा पैकरा ने दोहरे दामों पर सामान बेचने वाले और अवैध भंडारण करने वाले बिचौलियों व दुकानदारों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि:
“जिले में किसी भी स्तर पर खाद और बीज की कालाबाजारी या निर्धारित मूल्य से अधिक की वसूली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी भी विक्रेता के खिलाफ ऐसी कोई शिकायत मिलती है या निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार तत्काल और कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।”
किसानों के लिए राहत की खबर
प्रशासन के इस कड़े रुख से जमाखोरों और मुनाफाखोरों में हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मानसून की शुरुआत के साथ ही किसानों को खेती-किसानी के लिए जरूरी सामग्रियां सही समय पर और उचित दामों पर मिल सकें, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की आर्थिक या मानसिक परेशानी का सामना न करना पड़े। अधिकारियों को आने वाले दिनों में भी इसी तरह का सख्त रुख बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Share This Article
Leave a comment