
अंबिकापुर : सरगुजा जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के कड़े रुख और दिशा-निर्देशन के बाद जिला पुलिस ने बाहरी व्यक्तियों, मुसाफिरों और किरायेदारों के भौतिक सत्यापन (वेरिफिकेशन) के लिए एक व्यापक अभियान छेड़ दिया है।
इसी कड़ी में थाना कोतवाली पुलिस की टीम ने शहर के कई संवेदनशील और व्यस्त इलाकों में अचानक दबिश देकर सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से संदिग्ध रूप से घूम रहे और बिना सूचना के रह रहे लोगों में हड़कंप मच गया है।
ठेलों, गुमटियों और होटलों पर पुलिस की पैनी नजर
अभियान के दौरान कोतवाली पुलिस टीम ने व्यवसायिक रूप से व्यस्त इलाकों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। पुलिस टीम ने शहर के फल ठेला संचालकों, चाय-नाश्ता होटलों, छोटी गुमटियों और अस्थाई दुकानों पर पहुंचकर वहां काम करने वाले कर्मचारियों और संचालकों से गहन पूछताछ की। पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि इन अस्थाई दुकानों की आड़ में कोई संदिग्ध या आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति अपनी पहचान छिपाकर काम न कर रहा हो। सभी संचालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे अपने कर्मचारियों का पूरा रिकॉर्ड और पहचान पत्र अनिवार्य रूप से अपने पास रखें।
कोर्ट परिसर और कलाकेंद्र के पास दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन
पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख स्थलों जैसे न्यायालय परिसर, कलाकेंद्र परिसर के आस-पास के क्षेत्रों, भट्टी रोड और विभिन्न चौक-चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस ने इन इलाकों में स्थित किराये के मकानों और हॉस्टलों में रह रहे लोगों के पहचान पत्रों (आईडी कार्ड) की बारीकी से जांच की।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जो भी बाहरी व्यक्ति जिले में रह रहा है, उसे संबंधित थाना या चौकी में अपनी मुसाफिरी दर्ज करानी होगी। बिना पुलिस वेरिफिकेशन के किसी भी व्यक्ति को किराये पर मकान देना या रखना नियमों के विरुद्ध माना जाएगा और ऐसे मकान मालिकों पर भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
स्थानीय निवासियों को दी गई समझाइश
चेकिंग के साथ-साथ पुलिस ने स्थानीय नागरिकों और मकान मालिकों के बीच जागरूकता अभियान भी चलाया। पुलिस ने लोगों को समझाया कि सुरक्षा के लिहाज से किसी भी अनजान या बाहरी व्यक्ति को अपने छेत्र में पनाह न दें। यदि कोई व्यक्ति बिना किसी ठोस दस्तावेज के संदिग्ध रूप से निवास कर रहा है, तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाने में दी जानी चाहिए।
🚨 संदिग्धों की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन जारी, नाम रखा जाएगा गुप्त
सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से इस सुरक्षा अभियान में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस प्रशासन ने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा:
“यदि आपके आस-पास कोई भी व्यक्ति अवैध रूप से, पहचान छिपाकर या संदिग्ध परिस्थितियों में रहता हुआ पाया जाता है, तो इसकी त्वरित सूचना सरगुजा पुलिस को दें। सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान को पूरी तरह से गोपनीय (Secret) रखा जाएगा ताकि वे बिना किसी डर के पुलिस की मदद कर सकें।”
इन नंबरों पर कर सकते हैं संपर्क:
सरगुजा पुलिस हेल्पलाइन नंबर: 9479193599
आपातकालीन त्वरित सेवा: डायल 112
पुलिस विभाग का कहना है कि यह मुसाफिर और किरायेदार चेकिंग अभियान आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेगा, ताकि जिले की शांति और सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से सुदृढ़ बनाए रखा जा सके।