October 11, 2026
IMG-20260514-WA0026.jpg

अंबिकापुर : सरगुजा पुलिस ने पेट्रोल पंप मैनेजर के साथ हुई सनसनीखेज लूट की गुत्थी को महज कुछ ही दिनों में सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें घटना का मास्टरमाइंड पेट्रोल पंप का ही एक पूर्व कर्मचारी निकला। आरोपियों ने लूट की इस वारदात को अंजाम देने के लिए बाकायदा रेकी की थी और नकाब पहनकर लूट को अंजाम दिया था।
क्या था मामला?
7 मई 2026 को गांधीनगर निवासी शिवचंद वर्मा ने थाना दरिमा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिवचंद वर्मा कुम्हारता स्थित वेदिका पेट्रोल पंप में मैनेजर हैं। घटना वाले दिन वे पंप का हिसाब-किताब करने के बाद नगदी 61,670 रुपये लेकर अपनी मोटरसाइकिल से अंबिकापुर लौट रहे थे। तभी रास्ते में नचाई चौक के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार 4 नकाबपोश बदमाशों ने उनका रास्ता रोका। बदमाशों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए नगदी रकम, मोबाइल, हिसाब की डायरी और उनकी मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना दरिमा में अपराध क्रमांक 108/2026 दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम बनाई गई। टीम ने दरिमा से गांधीनगर के बीच लगे लगभग सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्धों का हुलिया मिलान करने पर पुलिस को दुर्गेश, आकाश झारिया और निशांत नगेसिया के बारे में सुराग मिले।
बदले की आग ने बनाया अपराधी
पुलिस ने जब मुख्य आरोपी दुर्गेश उर्फ यश ईमालीया को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो पूरी कहानी सामने आ गई। दुर्गेश पहले उसी वेदिका पेट्रोल पंप पर काम करता था। उसने अपनी शादी के लिए पंप के गल्ले से बिना बताए 30,000 रुपये निकाल लिए थे। जब पंप मालिक को इसकी जानकारी हुई, तो उन्होंने दुर्गेश को नौकरी से निकाल दिया। इसी अपमान का बदला लेने के लिए दुर्गेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। उसे पता था कि मैनेजर किस समय और कितनी रकम लेकर निकलता है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस ने इस मामले में निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
दुर्गेश उर्फ यश ईमालीया (22 वर्ष): निवासी प्रतापपुर नाका, अंबिकापुर (मुख्य साजिशकर्ता)।
आकाश झारिया (20 वर्ष): निवासी मिशन चौक, अंबिकापुर।
निशांत नगेसिया (20 वर्ष): निवासी सहेली गली, अंबिकापुर।
विधि से संघर्षरत बालक: एक नाबालिग आरोपी को भी हिरासत में लिया गया है।
सामान और वाहन जप्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (CG15 DX 5401) और एक एक्टिवा स्कूटी (CG15 EH 7025) जप्त कर ली है। तीनों बालिग आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को बाल न्यायालय में पेश किया गया है।
इनकी रही मुख्य भूमिका
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी राजेश खलखो, गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण द्विवेदी, साइबर सेल प्रभारी और उनकी टीम के अजीत कुमार मिश्रा, भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, जयदीप सिंह, मनीष सिंह, रमेश रजवाड़े, विकाश मिश्रा, रमन मण्डल, राहुल सिंह और उमा शंकर साहू का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News