अम्बिकापुर के रसूलपुर हत्याकांड का पांचवां आरोपी गिरफ्तार, ससुर की हत्या के लिए दामाद ने रची थी साजिश

Deshkibaat24
5 Min Read

अंबिकापुर : सरगुजा जिले के रसूलपुर (अम्बिकापुर) में बीते दिनों हुई वसीरुद्दीन सिद्दीकी की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण में शामिल पांचवें आरोपी मोईन मिया को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज चुकी है।
किराए का मकान देखने के बहाने घर में घुसे थे हमलावर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 16 सितंबर 2026 की सुबह लगभग 10:15 बजे की है। रसूलपुर, अम्बिकापुर स्थित सादिया शारीन सिद्दीकी के घर तीन अज्ञात व्यक्ति किराए का मकान देखने के बहाने पहुंचे। तीनों युवक सादिया के पिता वसीरुद्दीन सिद्दीकी से मकान किराए पर लेने के संबंध में बात करने लगे। इसी दौरान तीनों आरोपियों ने अचानक वसीरुद्दीन सिद्दीकी पर जानलेवा हमला कर दिया और चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद परिजन घायल वसीरुद्दीन को इलाज के लिए तत्काल अस्पताल ले गए, जहाँ उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
तलाक का केस और पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
मृतक की पुत्री सादिया शारीन सिद्दीकी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। सादिया ने रिपोर्ट में बताया कि उसका अपने पति मो. नाजिम शबा के साथ अदालत में तलाक का मामला चल रहा है। पूर्व में भी उसके पति मो. नाजिम शबा द्वारा परिवार को केस वापस न लेने पर जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। पारिवारिक विवाद और कोर्ट केस न वापस लेने की रंजिश के चलते ही दामाद मो. नाजिम शबा ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने ससुर की हत्या की साजिश रची थी।
कड़ी नाकेबंदी और पुलिस कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी व नगर पुलिस अधीक्षक अम्बिकापुर राहुल बंसल के नेतृत्व में पुलिस, फॉरेंसिक और साइबर सेल की टीमों ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में कड़ी नाकेबंदी की गई और सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पूर्व में ही मामले में शामिल मुख्य आरोपी दामाद मो. नाजिम शबा, कंचन कुमार, नेजारूउद्दीन उर्फ गुड्डू और अवकाश साव उर्फ आकाश गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पांचवां आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट में किया गया पेश
मृतक के मरणासन कथन (Dying Declaration) और प्रार्थिया व गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने पांचवें आरोपी मोईन मिया (उम्र 65 वर्ष, स्थायी निवासी ग्राम सकलदीपा, थाना पाकी, जिला पलामू, झारखंड; वर्तमान निवासी रनपुर खुर्द, सरना पारा परसा, थाना अम्बिकापुर, जिला सरगुजा) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया है।
मामले में थाना कोतवाली अम्बिकापुर में BNS (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 109(1), 3(5), 103(1), 61(2), 238 तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस और साइबर टीम की सराहनीय भूमिका
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक अदीप प्रताप सिंह, विवेक पाण्डेय, देवनारायण यादव, प्रधान आरक्षक सुरजीत कोरी, सतीश सिंह, सियाराम मरावी, सदरक लकड़ा, आरक्षक विवेक राय, नितिन सिन्हा, शिवमंगल सिंह, कुश सोनी एवं नगर सैनिक दशरथ गुप्ता शामिल रहे।
वहीं साइबर सेल टीम से प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक जयदीप सिंह, विकास सिन्हा, आरक्षक जितेश साहू, अशोक यादव, रमेश राजवाड़े, अमन पुरी और राहुल केरकेट्टा की सक्रिय भूमिका रही।

Share This Article
Leave a comment