विशेष संवादाता रिजवान खान
कुसमी /बलरामपुर : प्रदेश में किसानों, विद्यार्थियों, आम नागरिकों और गरीब परिवारों से जुड़ी ज्वलंत जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी (विधानसभा क्षेत्र – कुसमी, जिला – बलरामपुर-रामानुजगंज) के प्रतिनिधिमंडल ने मोर्चा खोल दिया है। अनुविभागीय अधिकारी (SDM) कुसमी की गैर-मौजूदगी में आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार रॉकी एक्का को मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के नाम एक 7 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा और जनहित की समस्याओं पर तत्काल ठोस कार्यवाही करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान आम आदमी पार्टी के जिला महासचिव (संगठन) शकील अंसारी, वरिष्ठ नेता इन्द्रदेव नाग, अरमान मलिक और सूर्यकांत जायसवाल मुख्य रूप से मौजूद रहे।
ज्ञापन में शामिल 7 प्रमुख मांगें:
कृषि एवं किसान सुरक्षा: किसानों को एग्रीस्टैक पंजीयन में आ रही व्यावहारिक जटिलताओं को दूर कर प्रक्रिया को सरल बनाया जाए। इसके साथ ही रकबा समर्पण के नाम पर किसानों के साथ हो रही धोखाधड़ी और रकबा कटौती पर तुरंत रोक लगाई जाए।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार: सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति को सुधारा जाए, शिक्षकों की कमी को तत्काल दूर किया जाए और गिरते शैक्षणिक स्तर को ऊँचा उठाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
स्वास्थ्य सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण: सरकारी अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की पदस्थापना की जाए, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव दूर किया जाए।
गोधन योजना की जांच व मवेशी प्रबंधन: गोधाम व गोधन योजना के नाम पर हो रहे कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कराई जाए और सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों के उचित रखरखाव व सुरक्षा का पुख्ता बंदोबस्त किया जाए।
सड़कों का निर्माण व मरम्मत: क्षेत्र तथा राज्य की अत्यंत जर्जर और जानलेवा गड्ढों में तब्दील हो चुकी सड़कों की तत्काल गुणवत्तापूर्ण मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए।
बिजली बिलों में राहत: बिजली के बढ़ाए गए दामों को वापस लिया जाए तथा आम जनता को भेजे जा रहे अत्यधिक और अनाप-शनाप बिजली बिलों को निरस्त कर राहत प्रदान की जाए।
नशा व मिलावटी शराब पर रोक: क्षेत्र में तेजी से फैल रहे अवैध नशे के कारोबार पर सख्त प्रतिबंध लगाया जाए और मिलावटी व अवैध शराब की बिक्री करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाए।
मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
आप प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार रॉकी एक्का से चर्चा करते हुए स्पष्ट किया कि ज्ञापन में उठाई गई मांगें सीधे तौर पर आम जनता के जीवन और आजीविका से जुड़ी हुई हैं। अतः इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए ज्ञापन को तत्काल मुख्यमंत्री कार्यालय तक प्रेषित किया जाए। पार्टी नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि इन जनसमस्याओं पर शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आम आदमी पार्टी जनता के हित में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
छत्तीसगढ़ में बदहाल व्यवस्था और जनसमस्याओं के खिलाफ आप का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को सौंपा 7 सूत्रीय ज्ञापन
Leave a comment
Leave a comment

