
बलरामपुर, 27 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज वाड्रफनगर विकासखंड के रघुनाथनगर स्थित शासकीय हाई स्कूल ग्राउंड में आयोजित करमा महोत्सव के दौरान जिला प्रशासन बलरामपुर-रामानुजगंज की पहल ‘वृद्धजन क्लिनिक’ का शुभारंभ किया। ‘स्वस्थ वृद्ध, खुशहाल जीवन’ के ध्येय के साथ शुरू किए गए इस क्लिनिक का उद्देश्य बुजुर्गों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप विशेष स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

बढ़ती उम्र के साथ जोड़ों का दर्द, कमजोरी और चलने-फिरने में तकलीफ जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं, जिससे इलाज के लिए दूर-दराज जाना बुजुर्गों के लिए कठिन होता है। इसे देखते हुए वृद्धजन क्लिनिक में अलग से पंजीयन काउंटर बनाया गया है, जहां पंजीयन के बाद बुजुर्ग चिकित्सकों से जांच और परामर्श ले सकेंगे।
क्लिनिक में जेरियाट्रिक फिजियोथेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। यहां आधुनिक व्यायाम उपकरणों, इन्फ्रारेड थेरेपी और मसाज चेयर के माध्यम से दर्द व जकड़न से राहत दी जाएगी। इसके साथ ही आयुष पद्धति के तहत शिरोधारा जैसी पारंपरिक थेरेपी का लाभ भी बुजुर्गों को मिलेगा।
इस पहल से जिले के वरिष्ठ नागरिकों को जांच, परामर्श और थेरेपी की संपूर्ण सुविधा एक ही छत के नीचे मिल सकेगी, जिससे वे एक सक्रिय, स्वस्थ और आत्मनिर्भर जीवन व्यतीत कर सकेंगे।
Disclaimer
वेब पोर्टल पर लगी सभी खबरों (फोटो, वीडियो, ऑडियो, कंटेंट) की पूर्ण जिम्मेदारी खबर भेजने वाले संवाददाता की ही होगी। संवाददाता की खबर से जुड़ी किसी भी प्रकार की वैधानिक कार्यवाही हेतु संवाददाता ही जिम्मेदार होंगे। अतः खबर की सत्यता की जांच करने के पश्चात ही खबर भेजें। वेब पोर्टल के प्रधान संपादक व संपादक इस हेतु जिम्मेदार नहीं होंगे।
संपादक: मोहम्मद गयासुद्दीन 7089858854
सह संपादक: निजामुद्दीन खान 9977896417
